
जबलपुर। मौसम के बदले मिजाज और गर्मी की दस्तक के बीच पारा लगाकर चढ़ रहा है। इसके साथ ही सूर्यदेव भी अपने तेवर दिखाने लगे है। शुक्रवार को पारा 37 डिग्री पार हो गया । सुबह से सूरज तमतमाया रहा । दिन चढऩे के साथ सूर्यदेव के उग्र हो गए और दिनभर गर्मी का एहसास कराते रहे। थोड़ी देर भी सीधे धूप में रहने पर चुभन महसूस हो रही थी। मौसम विभाग की माने तो आज से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना ह ैइसके अलावा अन्य मौसम प्रणालियां भी सक्रिय हो रही है जिसके असर से तेज हवाएं चलने के भी आसार है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 5 डिग्री अधिक रहा । न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री पर पहुंच गया । सुबह के वक्त आद्रता 48 और शाम को 14 प्रतिशत दर्ज की गई। उत्तर-पश्चिम हवाएं पांच किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली ।
मौसम विभाग की माने तो पश्चिमी विक्षोभ मध्य स्तर के क्षोभमंडलीय पश्चिमी पवनों में एक ट्रफ के रूप में बना हुआ है, जिसकी धुरी औसत समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊँचाई पर उत्तर में स्थित है। पूर्वोत्तर बिहार से दक्षिण ओडिशा तक फैला ट्रफ अब झारखंड से छत्तीसगढ़ होते हुए विदर्भ तक, औसत समुद्र तल से 0.9 किमी की ऊँचाई पर स्थित है। उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम, जिसकी मुख्य पवन गति लगभग 90 नॉट है, औसत समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊँचाई पर उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर विद्यमान है।
