लेन-देन के विवाद में आत्मघाती कदम: बारात में हुई कहासुनी, घर लौटकर युवक ने खुद पर डाला डीजल

बैतूल। शाहपुर थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान हुए विवाद के बाद एक युवक ने कथित तौर पर खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली, जिससे वह लगभग 80 प्रतिशत तक झुलस गया। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए भोपाल के हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार घायल युवक की पहचान 22 वर्षीय देवेश वर्मा उर्फ गौतम, पिता नर्मदा प्रसाद वर्मा, निवासी ग्राम सुहागपुर ढाना के रूप में हुई है। बताया गया कि सुहागपुर ढाना गांव से जामपानी में एक बारात गई थी, जिसमें देवेश भी शामिल था।

इसी दौरान वहां मौजूद साहिल वर्मा और उसके साथियों के साथ देवेश का पुराने पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। स्थिति ऐसी बन गई कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट की नौबत आ गई।

विवाद के बाद देवेश वहां से वापस अपने घर लौट आया। घर पहुंचने के बाद उसने कथित तौर पर खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली। आग लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और घर में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और घायल युवक को तुरंत शाहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल बैतूल रेफर कर दिया गया।

जिला अस्पताल में भी उसकी स्थिति चिंताजनक बनी रही। डॉक्टरों ने बेहतर उपचार के लिए उसे शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे भोपाल के हमीदिया अस्पताल भेज दिया, जहां उसका इलाज जारी है।

शाहपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमरे ने बताया कि युवक करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गया है। पुलिस ने एंबुलेंस में ही उसका प्रारंभिक बयान दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद किन परिस्थितियों में हुआ और युवक ने यह कदम क्यों उठाया।

पुलिस के अनुसार देवेश वर्मा मंडीदीप स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत है। वह होली के त्योहार के अवसर पर छुट्टी लेकर अपने गांव आया हुआ था और इसी दौरान यह घटना घटित हो गई। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा संबंधित लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।

Next Post

पट्टा जल्द कराने के नाम पर रिश्वत मांगने वाली पटवारी लोकायुक्त के जाल में फंसी

Fri Mar 13 , 2026
इंदौर. धार जिले के सरदारपुर क्षेत्र में जमीन का पट्टा जल्द जारी कराने के बदले रिश्वत मांगने वाली पटवारी को इंदौर लोकायुक्त की टीम ने रंगे हाथ पकड़ लिया. आरोपी पटवारी आवेदक से एक लाख रुपए की मांग कर रही थी और पहली किश्त के रूप में 5 हजार रुपए […]

You May Like