इंदौर: जिला न्यायालय में जमानत के लिए एफडी (फिक्स्ड डिपॉजिट) के दस्तावेजों में कथित कूटरचना कर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर एमजी रोड पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार सिद्ध नगर हीरानगर निवासी अनुराग यादव ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपियों ने उसकी एफडी के दस्तावेजों में कूटरचना कर उन्हें जमानत के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया।
जांच में यह भी सामने आया कि न्यायालय के समक्ष दी गई जमानत संबंधी जानकारी असत्य थी। इस मामले में पुलिस ने जाकिर पिता मजीद हुसैन निवासी सदर बाजार, मोहसीन पिता एजाज निवासी डूंगरपुर जावरा (जिला रतलाम) और शाहनवाज पिता एजाज खान निवासी सदर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 61 के तहत दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। पुलिस के मुताबिक यह घटनाएं 4 फरवरी को जिला न्यायालय परिसर में हुई थीं। मामले में दस्तावेजों की जांच की जा रही है और आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
