इंदौर:आज जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में घरेलू गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की कमी नहीं है। उपभोक्ताओं को उक्त ज्वलनशील पदार्थ की उपलब्धता पर घबराने के जरूरत नहीं है। यह बात आज कलेक्टर ने तेल कंपनियों के अधिकारियों और प्रतिनिधियों के साथ बैठक करने के बाद कही है।कलेक्टर शिवम वर्मा ने आज कार्यालय में गैस आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा बैठक की। बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए, आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रहे। किसी भी उपभोक्ता को परेशानी का सामना नहीं करना पढ़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
कलेक्टर वर्मा ने गैस एजेंसियो के प्रतिनिधियों से घरेलू उपभोक्ताओं को समय पर डिलीवरी और कालाबाजारी नहीं होने की चेतावनी दी। होटल या अन्य व्यवसायों को घरेलू सिलेंडर दिए जाने की शिकायत मिलने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक में शैक्षणिक संस्थान और अस्पतालों के लिए ऑयल कंपनी द्वारा दी गई छूट अनुसार कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति सुचारू बनी रहन चाहिए। साथ ही, शहर में जहां पीएनजी पाइपलाइन उपलब्ध है, वहां होटल और रेस्टोरेंट को तुरंत कनेक्शन उपलब्ध करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बैठक में बीपीसीएल, एचपीसीएल, आईओसी, अवन्तिका के सेल्स अधिकारी, गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि, एचपीसीएल गैस प्लांट मांगलिया के मैनेजर तथा अधिकारी उपस्थित थे।
होटल और केटरिंग वालो को अन्य संसाधन का उपयोग करने के आदेश जिला आपूर्ति नियंत्रक एम. एल. मारू ने बताया कि ऑयल कंपनियों द्वारा केवल इतना बदलाव किया गया है कि सिलेंडर की अगली बुकिंग का अंतर 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है। उपभोक्ताओं को बुकिंग के तीन दिन के भीतर डिलेवरी घर पर ही ओटीपी के द्वारा ही दी जाएगी।
बैठक में बताया गया कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति अस्थायी रूप से प्रभावित है। होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों को अस्थाई रूप से डीजल भट्टी, इंडक्शन, इंफ्रारेड इलेक्ट्रिक कॉइल जैसे वैकल्पिक साधनों का उपयोग करने भी कहा है।प्रशासन द्वारा निगरानी के लिए तीन जांच दल गठित किए गए हैं, जो सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक गैस वितरण व्यवस्था की निगरानी करेंगे, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
यदि किसी उपभोक्ता को भारत गैस, इंडेन गैस या एचपी गैस के डीलर द्वारा सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जाता है, तो इसकी शिकायत संबंधित कंपनी के कस्टमर केयर नंबरों पर की जा सकती है।
भारत गैस हेल्पलाइन नंबर: 1800-22-4344 (टोल फ्री) इंडेन गैस कस्टमर केयर नंबर: 1800-2333-555 (टोल फ्री) एचपी गैस कस्टमर केयर नंबर: 1800-2333-555 ( टोल फ्री ) नंबरों पर कॉल कर उपभोक्ता शिकायत कर सकते हैं।।
