जबलपुर: नगर निगम की बुनियादी सेवाओं का लाभ अब केवल शहर के मुख्य रिहायशी इलाकों तक सीमित नहीं है, बल्कि निगम प्रशासन ग्रामीण पृष्ठभूमि वाले वार्डों में भी विकास की नई इबारत लिख रहा है।इसी कड़ी में निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने बुधवार को दादा ठन ठन पाल वार्ड का सुबह- सुबह सघन दौरा कर वहाँ की मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
इस मौके पर निगमायुक्त ने वार्ड की संकरी गलियों और मुख्य मार्गों पर पैदल भ्रमण किया और मुख्य रूप से उन्होंने कचरा संग्रहण और सड़कों की नियमित सफाई को लेकर स्वच्छता प्रहरियों को आवश्यक निर्देश दिए।
हर घर पहुंचे शुद्ध पेयजल
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने भीषण गर्मी की आहट को देखते हुए उन्होंने सुनिश्चित किया कि हर घर तक शुद्ध पेयजल की पहुंच निर्बाध बनी रहे। वहीं निगमायुक्त ने वार्ड की स्ट्रीट लाइट्स और बंद पड़े वल्बों को तत्काल सुधारने के निर्देश दिए ताकि रात के समय नागरिकों को सुरक्षा और सुविधा महसूस हो।
