
रीवा। नगर निगम द्वारा वार्ड 14 एवं 15 संजय नगर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नगर निगम की टीम द्वारा पुलिस बल एवं जिला राजस्व अमले के साथ की गई.
संजय नगर की मुख्य सडक़ के दोनो तरफ स्थानीय लोगो ने अतिक्रमण कर रखा था. अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही के दौरान कई लोगो ने विरोध भी किया लेकिन समझाइश के बाद मान गए. कई पक्के निर्माण को तोड़ा गया जिनके द्वारा घरों का सज्जा बढ़ाया गया था और जो सीमांकन के दौरान अतिक्रमण में पाए गये. सीमांकन उपरांत रास्तों के अगल-बगल किए गए वर्षों पुराने अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई. अतिक्रमणकारियों द्वारा अतिक्रमण करते हुए कच्चे-पक्के मकान, रैम्प आदि रोड पर बना लिए गए थे, जिससे आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही थी तथा रास्ता संकीर्ण हो रहा था. उक्त स्थान पर मार्ग निर्माण का कार्य प्रगतिरत है, जिससे निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को भी हटाया गया, ताकि मार्ग निर्माण का कार्य सुचारू रूप से किया जा सके. उक्त स्थल को सुगम और अतिक्रमण मुक्त करने हेतु पुलिस बल की मौजूदगी में धराशायी करते हुए स्थल को खाली कराया गया. अतिक्रमण हटाने को लेकर लोगो में आक्रोश रहा. इस दौरान कार्यपालन यंत्री सिद्धार्थ सिंह, नायब तहसीलदार यतीश शुक्ला, सहायक यंत्री कमलेश्वर सिंह, उपयंत्री शुभम तिवारी मौजूद रहे.
