डॉ. नरेश ने दी संधू को बधाई,दिल्ली के विकास के लिए मिलकर काम करने की बात कही

नयी दिल्ली, 11 मार्च (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. नरेश कुमार ने श्री तरनजीत सिंह संधू को दिल्ली के उपराज्यपाल का पद संभालने पर बधाई दी है और उम्मीद जताई है कि वह राष्ट्रीय राजधानी के प्रशासनिक कामकाज को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाएंगे। डॉ. नरेश ने बुधवार को संवाददाताओं से बातचीत करते हुए श्री संधू को बधाई दी और दिल्ली के विकास के लिए मिलकर काम करने की बात कही। उन्होंने कहा कि दिल्ली देश की राजधानी होने के साथ-साथ एक घनी आबादी वाला शहर है, जहां अलग-अलग वर्गों, धर्मों और भाषाओं के लोग रहते हैं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली की आबादी इस समय तीन करोड़ से ज्यादा है, इसलिए उपराज्यपाल की जिम्मेदारी है कि वे सभी दिल्लीवासियों के हितों को ध्यान में रखते हुए अपनी जिम्मेदारियां निभाएं और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से काम करें। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में एक तरह की परंपरा सी बनती दिखी है कि जो भी उपराज्यपाल बनकर आता है, वह अक्सर केंद्र में सत्तारूढ़ पार्टी के इशारों पर काम करता हुआ दिखाई देता है, न कि दिल्ली की जनता की अपेक्षाओं और हितों के अनुरूप। उन्होंने उम्मीद जताई कि श्री संधू इस परंपरा को तोड़ते हुए संविधान की भावना के अनुरूप निष्पक्ष और संतुलित भूमिका निभाएँगे तथा किसी भी पार्टी विशेष के बजाय दिल्ली के सभी नागरिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेंगे।

कांग्रेस नेता ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता से जुड़े मुद्दों पर सजग रहेगी। जहाँ भी जनता के हितों की बात होगी वहाँ कांग्रेस पार्टी सकारात्मक सहयोग और समर्थन देगी, वहीं अगर जनता के हितों की अनदेखी होगी तो कांग्रेस पार्टी रचनात्मक रूप से सचेत भी करेगी। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि श्री सिंधू किसी एक राजनीतिक पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में काम करने के बजाय संवैधानिक जिम्मेदारियों और निष्पक्षता के सिद्धांतों को ध्यान में रखते हुए दिल्ली के तीन करोड़ से अधिक लोगों की सेवा करेंगे और राजधानी के विकास तथा जनकल्याण के लिए सकारात्मक भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों को साफ पानी, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं की जरूरत है और उम्मीद है कि नए उपराज्यपाल इन मुद्दों के समाधान के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ मिलकर काम करेंगे।

Next Post

राजनीतिक उथल-पुथल से गुजर रहे देशों को आर्थिक एवं संस्थागत लचीलापन विकसित करना चाहिए: नशीद

Wed Mar 11 , 2026
जयंत रॉय चौधरी से नयी दिल्ली, 11 मार्च (वार्ता) मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद ने कहा है कि दुनिया भर में राजनीतिक उथल-पुथल का सामना कर रहे देशों को बाहरी सहायता पर निर्भर रहने के बजाय आर्थिक और संस्थागत लचीलापन विकसित करने पर ध्यान देना चाहिए। श्री नशीद ने […]

You May Like