तेज रफ्तार ट्राले से भिड़ी बाइक, महिला की मौत 

बुधनी। शाहगंज थाना क्षेत्र के ग्राम जोनतला जोड़ के पास बीती शाम एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति और 10 वर्षीय बेटा घायल हो गए. पुलिस ने ट्राला जब्त कर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हथनौरा निवासी जगदीश कीर अपनी पत्नी रुकमणी कीर और 10 वर्षीय बेटे के साथ ग्राम भारकच्छ में आयोजित एक रसोई कार्यक्रम में शामिल होने गए थे. वापस लौटते समय ग्राम जोनतला जोड़ के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर पड़े. इसी दौरान रुकमणी कीर ट्राले की चपेट में आ गई. जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में पति और बेटा घायल हो गए.

घटना के समय मौके पर मौजूद जोनतला निवासी अनिकेत चौहान ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल दंपत्ति व बच्चे को निजी वाहन से सिविल अस्पताल पहुंचाया. यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद रुखमणी को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल पति और बेटे का उपचार किया गया.

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में मातम छा गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया. मंगलवार को पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया. पुलिस ने घटनास्थल से ट्राला जब्त कर लिया है. ट्राला क्रमांक्र आरजे 19 जीजी 4915 को बकतरा चौकी में खड़ा कराया गया है. पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. बताया जाता है कि संबंधित ट्राला राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्य में लगी कंपनी का है. बुधनी से बाड़ी तक फोरलेन नेशनल हाईवे का निर्माण कार्य जारी है. निर्माण कार्य के चलते भारी वाहनों की आवाजाही बढऩे से क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं भी बढ़ती जा रही हैं.

Next Post

राजस्व मामलों में लापरवाही: तहसीलदार व रीडरों को नोटिस 

Tue Mar 10 , 2026
सिंगरौली। कलेक्टर गौरव बैनल ने आज दिन मंगलवार को माड़ा, मकरोहर और अमिलिया के राजस्व न्यायालयों का निरीक्षण कर प्रकरणों के निराकरण की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने न्यायालय में प्राप्त आवेदनों, लंबित प्रकरणों और नस्तियों का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान कई मामलों में गंभीर लापरवाही सामने […]

You May Like