भोपाल। घरेलू और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों तथा बढ़ती महंगाई के विरोध में भोपाल शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को रोशनपुरा चौराहे पर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना ने किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, महिला कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनता को महंगाई का “इंजेक्शन” लगा रही है। प्रदर्शनकारियों ने “महंगाई का इंजेक्शन” लिखे पोस्टर और तख्तियां हाथों में लेकर नारेबाजी की।
महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि हर घर की शुरुआत रसोई से होती है और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों ने परिवारों का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। उनका कहना था कि एलपीजी गैस आज हर घर की मूलभूत आवश्यकता है, लेकिन इसकी बढ़ती कीमतों ने गृहिणियों और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है।
प्रवीण सक्सेना ने दावा किया कि वर्ष 2014 में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत करीब 400 रुपये थी, जो अब बढ़कर लगभग 920 रुपये तक पहुंच गई है। उन्होंने हाल ही में घरेलू सिलेंडर में करीब 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर में लगभग 115 रुपये की बढ़ोतरी की भी आलोचना की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि गैस की कीमतें कम नहीं की गईं तो कांग्रेस अपना आंदोलन और तेज करेगी।
