भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास से महिला सशक्तिकरण को समर्पित क्वींस ऑन द व्हील्स बाइक यात्रा के तीसरे संस्करण को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर देशभर से आईं 25 महिला सुपर बाइकर्स लगभग 1,400 किलोमीटर की सात दिवसीय बाइक यात्रा पर भोपाल से खजुराहो के लिए रवाना हुईं। इस आयोजन का उद्देश्य प्रदेश के समृद्ध और ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों का देश-दुनिया में व्यापक प्रचार-प्रसार करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं के साहस, आत्मविश्वास और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के साथ-साथ मध्यप्रदेश की पर्यटन धरोहर को नई पहचान देते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी महिला बाइकर्स को शुभकामनाएँ देते हुए सुरक्षित यात्रा की कामना की।पर्यटन सचिव एवं मध्य प्रदेश पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक डॉ इलैया राजा टी ने बताया कि क्वींस ऑन द व्हील्स केवल एक बाइक यात्रा नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण, साहस और मध्यप्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का उत्सव है। देश के विभिन्न हिस्सों से आई महिला बाइकर्स इस यात्रा के माध्यम से प्रदेश के प्रमुख और कम-ज्ञात पर्यटन स्थलों का अनुभव करेंगी तथा उन्हें देश-दुनिया तक पहुंचाने में सहयोग देंगी।
सात दिनों तक चलने वाली यह बाइक यात्रा भोपाल से शुरू होकर सांची, उदयगिरी, चंदेरी, शिवपुरी, कुनो नेशनल पार्क,ग्वालियर,दतिया, ओरछा और खजुराहो होते हुए पुनः भोपाल पहुंचेगी। इस अभियान का समापन 13 मार्च को भोपाल में होगा।मध्य प्रदेश पर्यटन मंडल के अनुसार इस पहल से राज्य की ऐतिहासिक और पुरातात्विक धरोहर को नई पहचान मिलेगी। साथ ही मध्यप्रदेश को महिलाओं के लिए सुरक्षित, रोमांचक और समृद्ध पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने में भी यह अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह पहल ग्रामीण पर्यटन को मजबूत करने और जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने का भी माध्यम बनेगी।
