बुधनी। ग्राम मरदानपुर के युवा कृष्ण कुमार गौर को सेना में पदोन्नति देते हुए सूबेदार के पद पर नियुक्त किया गया है. उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है. ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है.
जिले के छोटे से गांव मरदानपुर निवासी कृष्ण कुमार गौर मध्यम वर्गीय परिवार से आते हैं. उनकी माता संध्या गौर पत्नी चिंतामन गौर के परिवार में एक बेटी और दो बेटे हैं, जिनमें कृष्ण कुमार गौर सबसे बड़े हैं. उन्होंने 2 अक्टूबर 2006 को भारतीय सेना में जवान के पद पर भर्ती होकर देश सेवा की शुरुआत की थी. प्रारंभिक पदस्थापना भोपाल में रही, इसके बाद उन्होंने सिकंदराबाद सहित विभिन्न स्थानों पर अपनी सेवाएं दीं. 2 मार्च को उन्हें पदोन्नति देकर सूबेदार के पद पर नियुक्त किया गया. उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायी मानी जा रही है.
कृष्ण कुमार गौर की सफलता के पीछे उनके माता-पिता का संघर्ष भी सराहनीय रहा है. उनकी माता संध्या गौर महिला एवं बाल विकास विभाग में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत हैं और उन्होंने अपने सेवाकाल में ग्राम मरदानपुर के 100 से अधिक बच्चों को कुपोषण से मुक्त कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. कृष्ण कुमार गौर के सूबेदार बनने पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
