नयी दिल्ली/कोच्चि, 06 मार्च (वार्ता) चुनाव आयोग ने शुक्रवार को कोच्चि में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर केरल विधानसभा चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने का भरोसा दिया। बैठक में आगामी चुनाव की तैयारियों, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और चुनाव प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गयी। बैठक के दौरान अधिकांश राजनीतिक दलों ने केरल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिये चुनाव आयोग और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की प्रशंसा की। इस अवसर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण पूरी तरह पारदर्शी तरीके से किया गया है। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या किसी प्रकार के संशोधन के लिए फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 अभी भी जमा किए जा सकते हैं। इसके अलावा जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 के प्रावधानों के तहत जिलाधिकारी या मुख्य निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपील भी दायर की जा सकती है।
बैठक में कई राजनीतिक दलों ने चुनाव के दौरान धनबल के उपयोग, शराब वितरण और मुफ्त वस्तुओं के वितरण को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की। कुछ राजनीतिक दलों ने यह भी सुझाव दिया कि चुनाव की तारीखें तय करते समय स्थानीय त्योहारों और सांस्कृतिक आयोजनों का ध्यान रखा जाए, ताकि मतदाताओं को मतदान में किसी प्रकार की असुविधा न हो। श्री कुमार ने सभी दलों को संतुष्ट करते हुये कहा कि चुनाव हमेशा कानून के अनुसार निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी तरीके से कराए जाते हैं और भविष्य में भी इसी परंपरा को कायम रखा जाएगा। उन्होंने राजनीतिक दलों से चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन से जुड़ी शिकायतों को दर्ज कराने के लिए निर्वाचन आयोग के इसीआईनेट प्लेटफॉर्म के सीविजिल का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। इसके माध्यम से नागरिक और राजनीतिक दल चुनावी अनियमितताओं की तुरंत शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
श्री कुमार ने यह भी भरोसा दिलाया कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए आवश्यक न्यूनतम सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। इनमें दिव्यांगजनों के लिए रैंप, व्हीलचेयर और मतदाताओं के लिए पीने के पानी जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं शामिल हैं। बैठक में राष्ट्रीय दलों में आम आदमी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रतिनिधि शामिल हुए। वहीं राज्य स्तरीय दलों में कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग, केरल कांग्रेस, केरल कांग्रेस (एम) और रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक से अलग मुख्य चुनाव आयुक्त ने चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी के साथ केरल चुनाव विभाग द्वारा लगाई गई चुनाव फोटो प्रदर्शनी का दौरा किया, जिसमें मतदाता जागरूकता पहल पर प्रकाश डाला गया। इसके अलावा श्री कुमार ने मॉडल मतदान केंद्रों की तैयारी का जायजा लिया और युवा मतदाताओं से बात की। इस अवसर पर केरल के मुख्य चुनाव अधिकार डॉ. रतन यू. केलकर भी मौजूद थे।

