इछावर। ग्राम भाऊखेड़ी में लसूडिय़ा रोड़ पर गेहूं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में अचानक भीषण आग लग गई. इस हादसे में ट्रॉली में रखा लाखों रुपए कीमत का पूरा गेहूं जलकर राख हो गया. सूचना मिलने पर जब तक फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, तब तक किसान की पूरी फसल नष्ट हो चुकी थी. इस घटना से किसान को भारी नुकसान हुआ है और फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है.
जानकारी के अनुसार दोपहर एक किसान अपनी कटी हुई गेहूं की फसल को ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर ले जा रहा था. लसूडिय़ा रोड़ से गुजरते समय फसल हाईटेंशन लाईन के संपर्क में आ गई. देखते ही देखते अचानक चलती हुई ट्रॉली में आग भड़क उठी. आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रॉली और उसमें रखा सारी फसल आग की लपटों में घिर गया. आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया और तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी. लेकिन आग इतनी भीषण थी कि ग्रामीणों के प्रयास नाकाफी साबित हुए और फायर ब्रिगेड की टीम के पहुंचने से पहले ही ट्रॉली में रखा सारा गेहूं जलकर नष्ट हो गया. इस हादसे में किसान को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है.
