नयी दिल्ली 06 मार्च (वार्ता) वायु सेना का लड़ाकू विमान सुखोई- 30 गुरुवार को असम के कार्बी आंगलोंग इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
वायु सेना के प्रवक्ता ने शुक्रवार तड़के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना जोरहाट से 60 किलोमीटर दूर हुई। विमान के पायलट के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। वायु सेना की ओर से व्यापक बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
इससे पहले वायु सेना ने गुरुवार देर रात बताया था कि एक सुखोई विमान के निर्धारित समय पर वापस नहीं आने पर खोज और बचाव अभियान शुरू किया गया है।
प्रवक्ता ने कहा था एक सुखोई लड़ाकू विमान के निर्धारित समय पर वापस नहीं आने की सूचना मिली है।
इस विमान ने असम के जोरहाट हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी और इससे गुरुवार शाम सात बजकर 42 मिनट पर अंतिम बार संपर्क हुआ था।
