नयी दिल्ली, 05 मार्च (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राज्यसभा भेजने के पीछे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का क्षेत्रीय दलों को खत्म करने की साजिश का एक और उदाहरण बताया है।
“आप” के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने गुरुवार को कहा, “ऐसा कोई सगा नहीं, जिसको भाजपा ने ठगा नहीं। जिसकी उंगली पकड़ कर भाजपा नए राज्य में घुसी, उसकी ही पार्टी को दीमक की तरह अंदर से ख़त्म कर दिया। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इसके ताजा उदाहरण हैं।” श्री भारद्वाज ने कहा कि इससे पहले भाजपा ओडिशा में नवीन पटनायक, महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे, हरियाणा में चौटाला, तेलंगाना में केसीआर, पंजाब में बादल, जम्मू-कश्मीर में महबूबा मुफ्ती को ठग चुकी है। उन्होंने कहा कि श्री कुमार का राज्यसभा जाना बिहार में जदयू के खात्मे की शुरुआत है। भाजपा बीजद, शिवसेना, आईएनएलडी, टीआरएस, अकाली दल, पीडीपी को दीमक की तरह अंदर से खोखला कर चुकी है।
श्री भारद्वाज ने आरोप लगाया कि भाजपा की राजनीति हमेशा से इस तरीके की रही है कि पहले वे किसी राज्य में जाएंगे और वहां हाथ जोड़कर कहेंगे कि क्षेत्रीय दल बड़े साझीदार हैं और वे छोटे साझीदार हैं। किसी तरह से वे खुद को शामिल करवा लेते हैं और जैसे ही कोई क्षेत्रीय पार्टी उन्हें प्रवेश दिलाती है, वे धीरे-धीरे उसी का खात्मा कर देते हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने सबसे पहले हरियाणा में इंडियन नेशनल लोकदल (आईएनएलडी) को खत्म किया। इसके बाद पंजाब में अकाली दल को, महाराष्ट्र में शिवसेना को और ओडिशा में बीजद को खत्म किया। अब सबके सामने बिहार में वे जनता दल यूनाइटेड (जदयू) को भी खा गए और उनका ऐसा एक लंबा इतिहास रहा है।
आप नेता ने कहा कि भाजपा हमेशा से क्षेत्रीय पार्टियों को खत्म करना चाहती है। श्री कुमार हों या टीआरएस (अब बीआरएस) हों, इन सभी पार्टियों की यह गलती रही है कि इन्होंने भाजपा को अपने राज्यों में कदम रखने की छूट दी। इन क्षेत्रीय पार्टियों ने भाजपा की सांप्रदायिक राजनीति को बढ़ावा दिया और आज उन्हें उसी की भारी कीमत चुकानी पड़ रही है।
