इंदौर: राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र की अमर पैलेस कॉलोनी में शराब के नशे में धुत एक युवक द्वारा पड़ोसी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. आरोपी ने पहले महिला को अश्लील गालियां दीं और विरोध करने पर उसके भाई को दांतों से काटकर घायल कर दिया. पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया है.पुलिस के मुताबिक अमर पैलेस कॉलोनी निवासी सचिन पिता राजाराम ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि बुधवार शाम करीब 5:40 बजे पड़ोस में रहने वाला राजेंद्र सिटोले शराब के नशे में घर के बाहर आया और उसकी बहन को अश्लील गालियां देने लगा.
जब सचिन ने बाहर आकर उसे रोकने और समझाने का प्रयास किया तो आरोपी भड़क और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ झूमाझटकी करने लगा. इसी दौरान आरोपी ने सचिन की दाढ़ी के नीचे गर्दन के हिस्से में दांतों से काट लिया, जिससे वह घायल हो गया और खून निकलने लगा. शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से भाग निकला. जाते-जाते उसने सचिन को जान से मारने की धमकी भी दी. राजेंद्र नगर पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
