रंगोत्सव पर कल खेला जायेगा रंग गुलाल, त्यौहार को लेकर उत्साह

सीधी। भद्रा और चंद्र ग्रहण के सूतक के चलते इस वर्ष होलिका दहन के दूसरे दिन रंगोत्सव बुधवार को मनाया जायेगा। जिले भर में होरियारों की टोलियों में रंग एवं गुलाल बरसा कर होली खेलने को लेकर मस्ती छाई है। बुधवार को भी रंगों की बहार रहेगी।

होली पर रंग खेलने को लेकर बच्चों एवं युवाओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है। जिसके चलते सोमवार के साथ मंगलवार को भी देर शाम तक लोगो की भीड़ रंग एवं गुलाल खरीदने दुकानों में उमड़ती रही। शहर में रंग एवं गुलाल की दुकानें सडक़ की पटरियों पर जगह-जगह सजी हुई थी। बाजार क्षेत्र में लालता चौक, सोनांचल बस स्टैण्ड के सामने, संजीवनी पालिका बाजार क्षेत्र, गांधी चौक, अस्पताल तिराहा, न्यू बस स्टैण्ड क्षेत्र में सैकड़ों दुकानें रंग अबीर की सजी हुई थी। जहां खरीदी करने वाले पहुंचे। खरीदी करने वालों ने अपनी जरूरत के अनुसार रंग अबीर की खरीदी की।

होली पर रंग एवं गुलाल की भारी मांग होने के कारण व्यवसाइयों द्वारा भी काफी स्टाक जमा किया गया था। रंग एवं गुलाल की बिक्री करने का सिलसिला शहर में करीब एक सप्ताह से चल रहा था। होलिका दहन के दिन सोमवार को बाजार क्षेत्र में सबसे ज्यादा खरीददारी करने लोगों की भीड़ दुकानों में जमा थी। जहां पिचकारी एवं गुब्बारों की खरीदी भी जमकर लोगों ने की थी। इस वजह से आज भीड़ कम थी। होली के त्यौहार को लेकर जहां चहुंओर रंगोत्सव की खुमारी छाई हुई है। वहीं पुलिस प्रशासन द्वारा भी कानून एवं व्यवस्था बनाये रखने के लिए व्यापक इंतजाम किये गये हैं। जिला मुख्यालय में रंगोत्सव पर बाजार क्षेत्र में होरियारों की टीमों पर नजर रखने के लिए प्वाइंट बनाकर पुलिस बल तैनात किया गया है। जिससे लोग किसी के साथ जबरजस्ती पूर्वक रंग गुलाल न लगायें।

वहीं कस्बाई क्षेत्रों में भी पुलिस बल पूरी तरह से बुधवार को मुस्तैद रहेगी। पुलिस की गस्त सुबह से लेकर पूरी रात अनवरत रूप से चलती रहेगी। वहीं पुलिस की गस्त व्यवस्था का जायजा लेने के लिए पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी भ्रमण पर निकलेंगे। होली के त्यौहार को लेकर पुलिस थानों में पहले ही शांति समिति की बैठक लेकर गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में यह अपील की गई है कि सभी लोग प्रेम एवं सद्भावना के साथ होली त्यौहार की खुशियां बांटें। यदि कहीं अराजक तत्व अशांति फैलाते हैं तो उसकी तत्काल सूचना पुलिस को दें।

गांवों में गूंजता रहा फाग संगीत, मची धूम

भद्रा और चंद्र ग्रहण के सूतक के चलते आज अधिकांश लोगों की भले ही रंग गुलाल से दूरी बनी रही लेकिन त्यौहार मनाने लोग घर में ही थे। इस वजह से फाग संगीत की महफिल सुबह से ही जमना शुरू हो गई थी। शहरी क्षेत्र की अपेक्षा गांवों में फाग संगीत को लेकर ज्यादा उत्साह देखा गया। वैसे तो फागुन का महीना लगते ही गांव-गांव में फाग संगीत का आयोजन होने लगता है। समाज के हर वर्ग के लोग मिलकर फाग गीतों का गायन कर खुशिया मनाते है। फाग में प्रत्येक अवस्थाएं, प्रत्येक वर्ग, प्रत्येक समय और प्रकृति का एक-एक अंश समाहित रहता है। लोक अहंकार से यह शून्य है और एक परम्परा के प्रवाह में जीवित रहता है। यही कारण है कि लोक हर काल में सजग और परिवर्तनशील है।

होली व खग्रास चंद्रग्रहण एक साथ, क्या कहते हैं ज्योतिषी

वर्ष 2026 में रंगों का पर्व होली आज 3 मार्च को मनाया गया। लेकिन इसके साथ ही खग्रास चंद्रग्रहण भी था। यानी होली और चंद्रग्रहण एक ही साथ था। ज्योतिषी पंडितों के अनुसार 3 मार्च होली के दिन खग्रास चंद्र ग्रहण दोपहर 3:19 बजे शुरू होकर शाम 6:47 बजे तक था। खास बात ये कि यह उदित चंद्र ग्रहण रहा, यानी चंद्रमा निकलते समय ही ग्रहण दिखाई दिया। लगभग 17 मिनट तक चंद्रमा पूरी तरह से ढका रहा, जिसे पूर्ण खग्रास स्थिति कहा जाता है। पंडितों ने बताया कि ग्रहण से पहले शुरू होने वाले सूतक काल में पूजा-पाठ, शुभ कार्य और धार्मिक अनुष्ठान करना उचित नहीं माना जाता, इसलिए इस दौरान लोग विशेष सावधानी बरते हैं और ग्रहण समाप्त होने के बाद ही पूजा-अर्चना किये।

Next Post

सब्जी मंडी क्षेत्र में सडक़ों पर सजे फल-सब्जी के ठेल

Tue Mar 3 , 2026
सीधी। शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र में स्थित संजीवनी पालिका क्षेत्र पूरी तरह से फुटपाथी व्यवसायियों के अतिक्रमण में फंसा हुआ है। हालात यह हैं कि पालिका बाजार क्षेत्र के चारों तरफ की सडक़ों में हांथ ठेला कारोबारियों का अवैध कब्जा बना हुआ है। यहां की सडक़ें करीब 12 फिट […]

You May Like