बैतूल: देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। कोतवाली थाना क्षेत्र के इटारसी रोड स्थित बसंत पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कार खड़ी क्रेन से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार तीन युवकों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसा रात करीब 3 से 4 बजे के बीच का बताया जा रहा है। कार सवार किस दिशा में जा रहे थे, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। मृतकों की पहचान गर्ग कॉलोनी निवासी ऋतिक सोलंकी (30), रामनगर निवासी विनय प्रजापति (21) और अभय ठाकुर (22) के रूप में हुई है। तीनों के शव जिला अस्पताल के मर्चुरी कक्ष में रखे गए हैं।
घायलों में गंज निवासी देवा पांडे (32) और रामनगर निवासी आकाश पाल (30) शामिल हैं। दोनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। आकाश पाल की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए नागपुर रेफर किया गया है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ऋतिक सोलंकी भोपाल में किराए का वाहन चलाने का कार्य करता था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
