लखनऊ, 3 मार्च (वार्ता) उत्तर प्रदेश के अधिसंख्य इलाकों में होलिका दहन मंगलवार सुबह तक संपन्न हो गया जबकि रंग बुधवार को खेला जायेगा।
होलिका दहन कुछ स्थानो पर सोमवार मध्य रात्रि के बाद हुआ जबकि कुछ एक जगह पर मंगलवार भोर चार बजे होली में आग लगायी गयी। चंद्रग्रहण का सूतक लगने के कारण कुछ स्थानो पर आज शाम छह बजे के बाद होलिका दहन का कार्यक्रम होगा। हालांकि रंगों की बौछार और अबीर गुलाल की मस्ती बुधवार को होगी।
इस साल का पहला चंद्र ग्रहण आज लग रहा है, इसलिए ग्रहण के कारण होली से जुड़े काम रोक दिए गए हैं। यह आंशिक चंद्र ग्रहण होगा जो भारत के कुछ हिस्सों में दिखेगा। ग्रहण दोपहर 3:20 बजे से शाम 6:46 बजे तक रहेगा जिसका सूतक काल आज भोर छह बज कर 20 मिनट पर शुरु हो गया। ग्रहण भारत में कहीं भी दिखाई नहीं देगा क्योंकि यह चांद निकलने से पहले समाप्त हो जाएगा।
ज्योतिषी एस.एस. नागपाल ने बताया कि पूर्ण चंद्र ग्रहण का अंत भारत के सुदूर पूर्वी हिस्सों में दिखाई देगा। देश के बाकी हिस्सों में, केवल आंशिक चंद्र ग्रहण का अंत दिखाई देगा। तीन मार्च को चंद्रोदय शाम 6:12 बजे होगा। यह ग्रहण पूर्वी एशिया, ऑस्ट्रेलिया, प्रशांत महासागर और अमेरिका में दिखाई देगा।
ग्रहण चंद्रोदय के समय खत्म होगा और रूस, कजाकिस्तान, अफगानिस्तान, पाकिस्तान, भारत, श्रीलंका, मालदीव और हिंद महासागर में दिखाई देगा। यह ग्रहण सिंह राशि और पूर्वा फागुनी नक्षत्र में होगा।
