
ग्वालियर, दीपावली के दौरान अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए नगर निगम ग्वालियर ने पटाखों के भंडारण और विक्रय स्थलों पर विशेष निगरानी शुरू की है। वार्ड क्रमांक 65 में बिना अनुमति पटाखों का भंडारण मिलने पर फायर विभाग ने संबंधित गोदाम को सील कर दिया।
निगम आयुक्त एवं अपर आयुक्त (फायर) के मार्गदर्शन में उपायुक्त (फायर) रजनीश गुप्ता के निर्देशन पर टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। स्थानीय निवासियों की सूचना पर दिनेश जैन के मकान में बिना अनुमति पटाखे रखे जाने की पुष्टि हुई। मकान मालिक को मौके पर बुलाया गया, परंतु उपस्थित न होने पर आसपास के लोगों की सुरक्षा को देखते हुए भंडारण स्थल सील कर दिया गया।
इसी क्रम में शिवपुरी लिंक रोड स्थित मिलन फुलझड़ी के गोदाम का भी अग्नि सुरक्षा निरीक्षण किया गया। संचालकों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश देते हुए नोटिस जारी किया गया।
निगम ने स्पष्ट किया है कि दीपावली के दौरान पटाखों के अवैध भंडारण, विक्रय और निर्माण पर लगातार कार्रवाई होगी। उद्देश्य अग्नि दुर्घटनाओं को रोकना और नागरिकों को सुरक्षित पर्व मनाने का वातावरण देना है। कार्रवाई में फायर ऑफिसर उमंग प्रधान, आनंद यादव, आर.आई. इंदर सहित संपत्तिकर एवं फायर विभाग के अमले शामिल रहे।
