इंदौर:होली पर्व को देखते हुए हानिकारक रासायनिक रंगों की बिक्री पर चल रही विशेष निगरानी के दौरान एरोड्रम पुलिस ने कालानी नगर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक दुकानदार के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है. मौके से संदिग्ध रंगों के पैकेट जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है.थाना प्रभारी वरुण सिंह भाटी ने बताया कि कालानी नगर चौराहे स्थित ‘सुखश्री पूजन सामग्री’ नामक दुकान पर जांच की गई.
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि दुकानदार अमन जैन (26) निवासी स्मृति नगर, छोटा बागड़दा, होली के लिए रासायनिक तत्वों से बने रंगों के पैकेट कम दामों पर बेच रहा था. पुलिस टीम ने रंगों की गुणवत्ता और उनके स्रोत को लेकर संदेह होने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए सामग्री जब्त कर ली. आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर पूछताछ प्रारंभ कर दी गई है.
