भारतीय संचालकों ने मंगलवार से पश्चिम एशिया के चुनिंदा शहरों के लिए उड़ानें शुरू की

नयी दिल्ली, 03 मार्च (वार्ता) भारतीय विमान सेवा कंपनियों ने मंगलवार से पश्चिम एशिया के चुनिंदा शहरों के लिए नियमित और विशेष उड़ानें शुरू करने की घोषणा की है।

निजी विमान सेवा कंपनी स्पाइसजेट ने बताया है कि वह आज और अगले कुछ दिनों के लिए संयुक्त अरब अमीरात के फूजैराह से दिल्ली और कोच्चि के लिए एक-एक तथा मुंबई के लिए दो विशेष उड़ानों का परिचालन करेगी। इसके अलावा 04 मार्च से वह फूजैराह से दिल्ली और मुंबई के लिए अपनी नियमित उड़ानें शुरू करेगी।

नवोदित विमान सेवा कंपनी अकासा ने 03 मार्च से मुंबई और सऊदी अरब के शहर जेद्दा के बीच अपनी नियमित उड़ान शुरू करने की घोषणा की है। वह बुधवार से मुंबई और अहमदाबाद से जद्दा के लिए नियमित उड़ानों का परिचालन करेगी। हालांकि अबू धाबी, दोहा, कुवैत और रियाद को जाने वाली उसकी सभी उड़ानें 04 मार्च तक रद्द रहेंगी।

इंडिगो जेद्दा से आज मुंबई, हैदराबाद और अहमदाबाद के लिए चार उड़ानों का परिचालन कर रही है। उसने बताया है कि इन उड़ानों का परिचालन उन यात्रियों के लिए किया जा रहा है जिन्होंने पहले से इंडिगो की फ्लाइट में टिकट बुक कराये हुए थे।

एयर इंडिया एक्सप्रेस ने आज से ओमान की राजधानी मस्कट से दिल्ली, कोच्चि, कोझीकोड, बेंगलुरु, मुंबई और तिरुचिरापल्ली के लिए नियमित उड़ानें शुरू करने की घोषणा की है। हालांकि बहरीन, कुवैत, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात को जाने वाली उसकी सभी उड़ानें आज आधी रात तक रद्द रहेंगी।

एयर इंडिया ने अमेरिका, कनाडा, यूरोप और ब्रिटेन को जाने वाली अपनी सभी उड़ानें आज से नियमित रूप से चलाने की घोषणा की है। उसने बताया है कि आज आधी रात तक पश्चिम एशिया को जाने वाली उसकी सभी उड़ानें रद्द है।

उल्लेखनीय है कि ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल के संयुक्त सैन्य अभियान के बाद पश्चिम एशिया में स्थिति बिगड़ गई है। ईरान भी अमेरिकी सैनिक ठिकानों वाले पश्चिम एशिया के कई देशों पर हमले कर रहा है। इस कारण कई देशों ने अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया है।

पश्चिम एशिया के संकट के कारण सोमवार को भारत से जाने वाली 357 उड़ानें रद्द रहीं। दिल्ली हवाई अड्डे से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज दिल्ली से जाने वाली और दिल्ली को आने वाली 80 उड़नें इसी कारण से रद्द हैं। इनमें से 36 उड़ानें दिल्ली से पश्चिम एशिया को जाने वाली और 44 उड़ानें वहां से दिल्ली आने वाली हैं।

इस बीच सोमवार शाम से दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से भी सीमित संख्या में उड़ानों का परिचालन शुरू हुआ है जिसमें दिल्ली और मुंबई समेत पांच भारतीय शहरों की उड़ानें शामिल हैं।

Next Post

टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में बारिश आई तो क्या होगा? जानिए ICC के नियम और रिजर्व डे का पूरा गणित।

Tue Mar 3 , 2026
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल और फाइनल के लिए ICC ने खास नियम तय किए हैं। अगर मैच के दौरान बारिश होती है तो रिजर्व डे और DLS नियम के जरिए नतीजा निकालने की कोशिश की जाएगी। टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने सबसे रोमांचक चरण में पहुंच चुका […]

You May Like