होली सद्भाव और जुड़ाव का पर्व-विष्णु देव साय

रायपुर, (वार्ता) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को राजधानी रायपुर में आयोजित दो अलग-अलग होली मिलन समारोहों में शामिल होकर प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सद्भाव, अपनत्व और गिले-शिकवे भुलाकर संबंधों को मजबूत करने का पावन अवसर है।

मुख्यमंत्री पहले रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह “रंगोत्सव” एवं “महामूर्ख सम्मेलन 2026” में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब में पर्वों को मिल-जुलकर मनाने की गौरवशाली परंपरा रही है, जो सामाजिक सद्भाव को सुदृढ़ करती है। उन्होंने कामना की कि यह उल्लासपूर्ण पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा और सकारात्मकता लेकर आए।

समारोह में प्रेस क्लब के सदस्यों ने मुख्यमंत्री का मिर्ची की माला पहनाकर और त्रिशूलनुमा पिचकारी भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने प्रेस क्लब के होली विशेषांक ‘नानसेंस टाइम्स’ का विमोचन भी किया। उत्सव के दौरान उन्होंने नगाड़ा बजाकर माहौल को और उत्साहपूर्ण बना दिया। ढोल-नगाड़ों और फाग गीतों की धुन पर पत्रकारों व अतिथियों ने रंगों के इस पर्व का आनंद लिया।

इसके बाद मुख्यमंत्री धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में विधायक अनुज शर्मा द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि होलिका दहन बुराई के अंत और अच्छाई की स्थापना का प्रतीक है तथा यह पर्व समाज में प्रेम, विश्वास और भाईचारे को सुदृढ़ करता है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि चार मार्च को होली का पर्व मनाया जाएगा और हाल ही में कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों के खातों में राशि अंतरित किए जाने से प्रदेश में विशेष उत्साह का वातावरण है। उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि से त्योहार का आनंद और बढ़ा है।

कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी क्षेत्रवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। समारोह में विधायक मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

 

 

 

Next Post

दक्षिण सूडान में अज्ञात हमलावरों ने की 169 लोगों की हत्या, मारे गये लोगों में 79 पुलिस और क्षेत्रों बलों के सदस्य शामिल

Tue Mar 3 , 2026
खार्तून 03 मार्च (वार्ता) दक्षिण सूडान में अज्ञात लोगों के एक समूह के हमले में वरिष्ठ अधिकारियों समेत कम से कम 169 लोग मारे गये हैं। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार रुवेंग प्रशासनिक क्षेत्र के सूचना मंत्री जेम्स मोनिलुआक मिजोक ने बताया कि हथियारबंद युवाओं ने रविवार को किया था। […]

You May Like