
इंदौर। आज नगर निगम के दो सफाईकर्मी की ड्रेनेज सफाई के दौरान जहरीली गैस से मौत होने की चर्चा है। घटना शाम 6.30 बजे चोइथराम मंडी गेट की बताई जा रही है। दो कर्मी टैंकर के पाइप कैक्टुल्डा लाइन में रह जाने के कारण चेंबर में उतरे थे। बताया जा रहा है कि सफाईकर्मी को बचाने कुछ लोग भी उतरे थे, लेकिन उनको बचा लिया गया।
आज शाम नगर निगम के दो सफाईकर्मी ड्रेनेज सफाई के लिए सक्शन टैंकर लेकर चोइथराम मंडी गेट पर गए थे। ड्रेनेज की सफाई में सक्शन टैंकर का पाइप निकाला गया, तो पाइप का एक टुकड़ा सीवर टैंक में गिर गया था। उसी टुकड़े को निकालने के लिए नगर निगम के दो सफाई कर्मचारी टैंक के अंदर उतरे थे। टैंक में मौजूद जहरीली गैस के कारण दम घुटने से उनकी मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
मृतकों सफाईकर्मियों की पहचान करण और अजय के रूप में हुई है। दोनों नगर निगम के सफाई कर्मचारी बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँच गई। इस दौरान एक अन्य सफाई कर्मचारी और एक स्थानीय नागरिक भी उन्हें बचाने के लिए टैंक में उतरे थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। फिलहाल पुलिस द्वारा रेस्क्यू और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
उक्त मामले में ड्रेनेज प्रभारी अपर आयुक्त आशीष कुमार पाठक को कॉल किया, लेकिन उन्होंने शायद घटना को लेकर व्यस्त होने के चलते कॉल रिसीव नहीं किया।
