
आलीराजपुर। आदिवासी अंचल का विश्वप्रसिद्ध भगोरिया पर्व इस वर्ष जिले के अंतिम और सबसे बहुप्रतीक्षित आयोजन के रूप में ऐतिहासिक बन गया। कांग्रेस द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। नगरपालिका से टाकीज चौराहे तक निकली भव्य गैर में हजारों ग्रामीण, युवा और कार्यकर्ता शामिल हुए। ढोल-मांदल की गूंज और पारंपरिक वेशभूषा ने पूरे शहर को उत्सवमय बना दिया।
सबसे आकर्षक क्षण तब आया जब उमंग सिंघार स्वयं ढोल की थाप पर थिरकते नजर आए। उन्होंने भगोरिया को आदिवासी अस्मिता और स्वाभिमान का प्रतीक बताते हुए आदिवासी क्षेत्रों के विकास को कांग्रेस की प्राथमिकता कहा। भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय के दौरे पर भी उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया दी।
कार्यक्रम में आदिवासी विकास परिषद के पदाधिकारी, विधायक सेना महेश पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जिले का अंतिम भगोरिया संस्कृति, एकता और सामाजिक संदेश का प्रतीक बनकर उभरा।
