शाह सिंधु जल संधि मसले पर कर रहे हैं महत्वपूर्ण बैठक

नयी दिल्ली, 25 अप्रैल (वार्ता) गृह मंत्री अमित शाह पाकिस्तान के साथ सिंधु जल संधि को स्थगित करने के भारत सरकार के निर्णय के बाद इस पर आगे की कार्रवाई पर शुक्रवार को केन्द्रीय जल शक्ति मंत्रालय के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कर रहे हैं।

सूत्रों ने यहां बताया कि इस बैठक में जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल और कई संबद्धित मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। इस बैठक में आगे की कार्रवाई और फैसले को लागू करने की वृहद रूपरेखा पर चर्चा किए जाने की संभावना है।

भारत ने 22 अप्रैल को पहलगाम में पाकिस्तान प्रायोजित जघन्य आतंकवादी हमले के बाद पाकिस्तान के साथ 65 साल पुरानी सिंधु जल संधि को स्थगित कर दिया था। इस हमले में चुन-चुन कर 26 पर्यटकों को गोली मार कर उनकी हत्या कर दी गयी थी।

जल संसाधन सचिव देबाश्री मुखर्जी ने पाकिस्तान के संबंधित विभाग के सचिव सैयद अली मुर्तजा को पत्र भेज कर भारत के फैसले की जानकारी दे दी है। पाकिस्तान सरकार ने पानी रोकने की कार्रवाई की तुलना ‘युद्ध की कार्रवाई’ से की है।

भारत का कहना है कि पड़ोसी देश पाकिस्तान आतंकवाद फैला कर संधि में भारत के अधिकारों में बाधा डालता रहा है। इस पत्र में पाकिस्तान से कहा गया है, “ किसी संधि का मूल है कि उसका सद्भावपूर्वक सम्मान किया जाए। पर हमने देखा है कि पाकिस्तान भारतीय केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर को निशाना बनाकर सीमा पार से आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है।”

Next Post

विदेशी मुद्रा भंडार 8.3 अरब डॉलर की बढ़ोतरी लेकर 686.1 अरब डॉलर पर

Fri Apr 25 , 2025
मुंबई, 25 अप्रैल (वार्ता) विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति, स्वर्ण भंडार, विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास आरक्षित निधि में जबरदस्त बढ़ोतरी होने से 18 अप्रैल को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 8.3 अरब डॉलर के इजाफे के साथ 686.1 अरब डॉलर पर पहुंच […]

You May Like