
बरगवां। स्थानीय थाना क्षेत्र के पोखरा गांव में आज दिन शनिवार की सुबह एक सनसनीखेज और रहस्यमयी वारदात सामने आई है। घिन्हा ग्राम निवासी संदीप यादव पर अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में युवक के घुटने पर गंभीर वार किया गया है, जिससे उसका घुटना लगभग आधा कट गया, वहीं उसके शरीर के कुछ हिस्से झुलसे होने की भी पुष्टि हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज दिन शनिवार की सुबह करीब 7 बजे ग्रामीणों ने युवक को गंभीर अवस्था में देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बरगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए जिला मुख्यालय स्थित ट्रामा सेंटर के लिए रवाना किया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर कर दिया। घटना को और रहस्यमयी बनाते हुए घटनास्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर एक हिरण का शव भी बरामद किया गया है। इस मामले में वन विभाग ने भी संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। हिरण की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। बरगवां थाना प्रभारी निरीक्षक मो. समीर ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात हमलावर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। युवक पर हुए हमले, उसके झुलसने की स्थिति तथा घटनास्थल के पास हिरण के शव मिलने जैसे सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल घटना के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस और वन विभाग संयुक्त रूप से जांच में जुटे हुए हैं। क्षेत्र में घटना के बाद दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।
