टीएमसी ने बंगाली अभिनेत्री और सामाजिक कार्यकर्ता कोयल मल्लिक को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया। जिसके बाद से उनकी चर्चा तेज हो गई है, तो चलिए जानते हैं इनके बारे में।
पश्चिम बंगाल में आगामी राज्यसभा चुनाव 16 मार्च को होने वाले हैं। इस बार बंगाल से कुल पांच राज्यसभा सीटें चुनाव में हैं। राजनीतिक गणित के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस (TMC) को चार सीटें और बीजेपी को एक सीट मिलने की संभावना जताई जा रही है। इस बीच TMC ने एक बड़ा कदम उठाते हुए बंगाली अभिनेत्री और सामाजिक कार्यकर्ता कोयल मल्लिक को राज्यसभा में मनोनीत करने का फैसला किया है।
कौन हैं कोयल मल्लिक?
कोयल मल्लिक न केवल बंगाली सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री हैं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय हैं। वे विधवाओं और बच्चों के लिए कई पहल करती रही हैं। कोयल मल्लिक का जन्म कोलकाता में हुआ और उनके पिता रंजीत मल्लिक बंगाली अभिनेता रहे हैं। मां का नाम दीपा मल्लिक है। उनका परिवार कोलकाता के भावानीपुर स्थित मल्लिक बाड़ी से ताल्लुक रखता है।
कोयल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा मॉर्डन हाई स्कूल फॉर गर्ल्स से पूरी की और इसके बाद गोखले मेमोरियल गर्ल्स कॉलेज से साइकोलॉजी (ऑनर्स) में ग्रेजुएशन किया। फिल्म इंडस्ट्री में उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बनाई और उन्हें टॉली क्वीन कहा जाता है। कोयल मल्लिक 2013 में प्रोड्यूसर निस्पल सिंह से शादी कर चुकी हैं और उनके दो बच्चे हैं। उनके बेटे का नाम कबीर सिंह है, जो 2020 में जन्मा, जबकि बेटी का जन्म 2024 में हुआ।
TMC ने की आधिकारिक घोषणा
TMC ने राज्यसभा चुनावों को लेकर अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “आगामी चुनावों के लिए बाबुल सुप्रियो, राजीव कुमार (पूर्व DGP पश्चिम बंगाल), मेनका गुरुस्वामी और कोयल मल्लिक की उम्मीदवारी की घोषणा करते हुए हमें बेहद खुशी हो रही है। हम उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हैं। आशा है कि वे तृणमूल की अटूट दृढ़ता और प्रत्येक भारतीय के अधिकारों एवं गरिमा की रक्षा की विरासत को बनाए रखेंगे।”
देश के 10 राज्यों में कुल 37 राज्यसभा सीटों पर वोटिंग होनी है, जिनमें बंगाल की पांच सीटें शामिल हैं। कोयल मल्लिक की राज्यसभा में एंट्री न केवल बंगाली फिल्म इंडस्ट्री के लिए गर्व का विषय है, बल्कि TMC की रणनीति में भी इसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनकी सामाजिक कार्यों और राजनीतिक सक्रियता को ध्यान में रखते हुए यह मनोनयन किया गया है। इस प्रकार बंगाल से आने वाले राज्यसभा चुनाव में कोयल मल्लिक की भागीदारी और TMC की पकड़ दोनों ही चर्चा का केंद्र बने हुए हैं।
