बिहार में ‘वॉटरफॉल टूरिज्म’ का क्रेज, झरनों पर उमड़ रही भीड़

पटना, 05 मई (वार्ता) बिहार के प्राकृतिक झरने इन दिनों पर्यटन की नई पहचान बनते जा रहे हैं। गर्मी से राहत और प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने के लिए राज्य के विभिन्न जलप्रपातों पर पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है, जिससे ‘वॉटरफॉल टूरिज्म’ तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।तेलहर कुंड, करकटगढ़ झरना, कशिश वाटरफॉल, तुतला भवानी जलप्रपात, मांझर कुंड, धुआं कुंड और ककोलत जैसे झरने बिहार की प्राकृतिक धरोहर हैं।

ये अब पर्यटन की नई पहचान बनते जा रहे हैं। गर्मियों में प्राकृतिक सुंदरता, ठंडे पानी में रोमांचक अनुभव करने की ललक के कारण इन स्थलों पर देश-विदेश के पर्यटक बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। प्राकृतिक की इन विरासतों की बदौलत ही बिहार वाटरफॉल टूरिज्म का हब बनाता जा रहा है।

कैमूर और रोहतास क्षेत्र में स्थित तेलहर कुंड जलप्रपात अपने शांत वातावरण और घने जंगलों के बीच गिरती जलधारा के लिए जाना जाता है। परिवार और दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने के लिए यह एक आदर्श स्थल बनता जा रहा है।

इसी क्षेत्र का करकटगढ़ जलप्रपात न केवल खूबसूरत झरना है, बल्कि मगरमच्छ संरक्षण केंद्र और विकसित इको पार्क भी पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। इसके अलावा यहां एक इको पार्क भी बच्चों के मनोरंजन के लिए उपलब्ध है। यहां जंगली जानवर के पुतले इस तरह लगाए गए हैं जो दूर से देखने पर बिल्कुल असली जानवरों की तरह लगते हैं।

रोहतास जिले में तीन दिशाओं में विशाल पहाड़ी एवं घने जंगलों मौजूद हैं। इनके बीच प्रकृति की गोद में कशिश जलप्रपात है। 850 फीट से अधिक की ऊंचाई से गिरने वाले इस जलप्रपात की आवाज आधे जंगल में सुनाई देती है।

इसी जिले का तुतला भवानी जलप्रपात प्रकृति और आस्था का समावेश है। लगभग 180 फीट की ऊंचाई से गिरता यह झरना और पास स्थित मंदिर पर्यटकों को आध्यात्मिक और प्राकृतिक दोनों अनुभव प्रदान करते हैं।वहीं मांझर कुंड और धुआं कुंड अपने शांत, हरियाली से घिरे वातावरण और कलकल बहते पानी के लिए प्रसिद्ध हैं। यहां आने वाले पर्यटक प्रकृति की मधुर ध्वनियों के बीच सुकून के पल बिताते हैं और शहर की भागदौड़ से दूर राहत महसूस करते हैं।

नवादा जिले का प्रसिद्ध ककोलत जलप्रपात गर्मी के मौसम में सबसे ज्यादा पसंद किया जाने वाला पर्यटन स्थल बन गया है। करीब 160 फीट की ऊंचाई से गिरता यह झरना अपने ठंडे और साफ पानी के लिए जाना जाता है, जहां लोग स्नान और पिकनिक का भरपूर आनंद लेते हैं।

 

Next Post

जिला चिकित्सालय परिसर से नाली की जाली चोरी

Tue May 5 , 2026
सिंगरौली: जिला मुख्यालय बैढ़न में कबाड़ चोर गिरोह सक्रिय हैं। ताजा मामला जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर बैढ़न का है। जहां परिसर में लोहे की सरिया से जाली बनाकर नालियों को ढकी गई थी। दर्जन भर जाली को चोरों ने पार कर दिया था। पुलिस रिपोर्ट भी नही दर्ज की […]

You May Like