रायपुर, 28 फरवरी (वार्ता) छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश शिक्षा प्रकोष्ठ में संगठनात्मक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नई टीम का गठन किया गया है।
प्रदेश शिक्षा प्रकोष्ठ के संयोजक सीए कांतिलाल जैन ने अपनी नई टीम की घोषणा करते हुए आज शिक्षा क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण कार्य और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है।
नई टीम में दो दशकों से शिक्षा और बाल सुरक्षा के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहीं हरशीला रूपाली को प्रदेश की सह संयोजक नियुक्त किया गया है। उनके लंबे अनुभव, सामाजिक सरोकारों और शिक्षा जागरूकता अभियानों में सक्रिय भूमिका को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बताया गया है कि हरशीला रूपाली ने पिछले 20 वर्षों में शिक्षा जागरूकता, बाल सुरक्षा तथा विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता को लेकर कई अभियान चलाए हैं। उनके प्रयासों से अनेक स्कूलों में आवश्यक संसाधनों और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है।
इस अवसर पर श्री जैन ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करने और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण बनाने के लिए टीम समन्वय के साथ कार्य करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में जिला स्तर तक संगठन को सशक्त किया जाएगा, ताकि शिक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके और समाधान की दिशा में ठोस पहल की जा सके।
नई जिम्मेदारी मिलने पर हरशीला रूपाली ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और अधिकारों के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि टीम सामूहिक प्रयासों से शिक्षा क्षेत्र में सकारात्मक और स्थायी बदलाव लाने में सफल होगी।
