पांच हजार शिक्षकों की भर्ती से युवाओं को मिलेगा अवसर, शिक्षा व्यवस्था होगी और सुदृढ़–विष्णु देव साय

रायपुर, 27 फरवरी (वार्ता) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि राज्य सरकार प्रदेश के युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश में 5000 शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया इसी दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है, जो युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ बनाएगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि व्यापम द्वारा वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली शिक्षक भर्ती परीक्षाओं की संभावित तिथियां जारी कर दी गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सहायक शिक्षक की परीक्षा 11 अक्टूबर 2026, शिक्षक की परीक्षा 25 अक्टूबर 2026 तथा व्याख्याता की परीक्षा 29 नवंबर 2026 को संभावित है।

उन्होंने सभी अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परिश्रम, लगन और आत्मविश्वास के साथ किया गया प्रयास निश्चित रूप से सफलता दिलाता है। उन्होंने कहा कि युवा प्रदेश के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और शिक्षा के माध्यम से नई पीढ़ी को सशक्त बनाने में योगदान देंगे।

श्री साय ने सभी अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

 

Next Post

पटवारियों का हल्लाबोल, टाउनहाल से कलेक्ट्रेट तक निकाली रैली

Fri Feb 27 , 2026
सीहोर। विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर पटवारियों ने टाउनहाल से कलेक्ट्रेट तक रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा. इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में जिलेभर के पटवारी शामिल हुए. संघ के जिलाध्यक्ष संजय राठौर ने ज्ञापन का वाचन करते हुए बताया कि जिले […]

You May Like