
सिंगरौली। जिले की सुहिरा अमिलिया ग्राम पंचायत आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। यहां के गोदरी खोली मोहल्ले में सड़क न होने का खामियाजा अब सीधे गांव की बेटियों को भुगतना पड़ रहा है। खराब रास्ते, कीचड़ और दलदल जैसी स्थिति के कारण अब तक कई युवतियों के विवाह संबंध टूट चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब रिश्तेदार गांव की हालत देखते हैं तो शादी से इंकार कर देते हैं, जिससे पूरे इलाके की बदनामी हो रही है।
ग्रामीण लहुरमन ने बताया कि कई बार बारात आने से ठीक पहले लोग रास्ते की हालत देखकर लौट जाते हैं। हमारी बेटियों के लिए रिश्ता तय होता है, लेकिन जैसे ही लोग गांव का रास्ता देखते हैं, वे पीछे हट जाते हैं। इससे परिवारों को मानसिक और सामाजिक अपमान झेलना पड़ता है, उन्होंने दुख व्यक्त किया। गांव में सड़क न होने से लोगों का सामान्य जीवन भी प्रभावित हो रहा है। बच्चों का स्कूल जाना, बुजुर्गों का अस्पताल पहुंचना और रोजमर्रा की जरूरतों का सामान लाना तक मुश्किल हो गया है। वहीं ग्रामीण कलावती ने बताया कि बारिश के मौसम में हालात और भयावह हो जाते हैं। कीचड़ और गहरे गड्ढों की वजह से एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती। गर्भवती महिलाओं को प्रसव के समय खाट पर लिटाकर कई सौ मीटर तक मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है। कई बार समय पर इलाज न मिलने से जान का खतरा भी बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि बीते वर्षों में ऐसी परिस्थितियों में कई मरीजों की हालत बिगड़ चुकी है, लेकिन जिम्मेदार विभागों ने अब तक स्थायी समाधान नहीं किया।
दो करोड़ का बजट, पर सड़क कहीं और
ग्रामीणों के अनुसार गोदरी खोली मोहल्ले में करीब 3.50 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए लगभग दो करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत हुई थी। आरोप है कि ठेकेदार विपिन सिंह ने तय स्थान पर सड़क न बनाकर पंचायत के दूसरे हिस्से में निर्माण करा दिया। जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तो उन्हें टाल दिया गया। बताया जा रहा है कि वन विभाग की जमीन पर सड़क बनाने की कोशिश में विभाग ने ठेकेदार की जेसीबी मशीन भी जप्त की थी। इसके बावजूद अब तक मोहल्ले में सड़क नहीं बनी। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में भारी अनियमितता हुई है और जिम्मेदार अधिकारी भी आंख मूंदे बैठे रहे। लोगों का कहना है कि अगर सही जगह पर सड़क बनती तो आज बेटियों की शादियां टूटने की नौबत नहीं आती और मरीजों को खाट पर ढोना नहीं पड़ता।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन यंत्री एसबी सिंह कर्चुली ने बताया कि सड़क निर्माण में गड़बड़ी की शिकायत कलेक्टर कार्यालय में प्राप्त हुई है। मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि जांच में ठेकेदार की गलती पाई जाती हैं तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और नियमानुसार सड़क निर्माण कराया जाएगा। फिलहाल गोदरी खोली मोहल्ले के ग्रामीण प्रशासन की ओर टकटकी लगाए बैठे हैं। उनका कहना है कि उन्हें सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि जल्द सड़क चाहिए, ताकि बेटियों का भविष्य सुरक्षित हो सके और बीमार लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सके। गांव के लोगों को उम्मीद है कि इस बार जांच केवल कागजों तक सीमित न रहकर धरातल पर बदलाव लाएगी।
