जम्मू-कश्मीर का पहली बार रणजी चैंपियन बनना पक्का

हुबली, 27 फरवरी (वार्ता) जम्मू-कश्मीर ने कर्नाटक से फॉलोऑन न करा कर दूसरी पारी में खेलने का फैसला किया और रणजी फाइनल के चौथे दिन शुक्रवार को स्टंप्स तक अपनी दूसरी पारी में चार विकेट पर 186 रन बना लिये हैं। जम्मू-कश्मीर ने इस तरह अपनी कुल बढ़त 477 रन पहुंचा कर खिताब पर पहली बार कब्जा करना पक्का कर लिया है। जम्मू-कश्मीर ने कर्नाटक को पहली पारी में 293 रन पर समेटने के बाद फॉलोऑन नहीं कराया और दूसरी पारी में खेलने का फैसला किया। जम्मू-कश्मीर की दूसरी पारी में सलामी बल्लेबाज कामरान इकबाल ने नाबाद 94 रन बनाये, जबकि अब्दुल समद ने 32, कप्तान पारस डोगरा ने 16 और साहिल लूथरा ने नाबाद 16 रन बनाये। कर्नाटक की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने दो विकेट लिये।

इससे पहले आज यहां कर्नाटक ने कल के पांच विकेट पर 220 रन से आगे खेलना शुरु किया। सुबह के सत्र में साहिल लूथरा ने कृतिक कृष्णा (36) को पगबाधा आउट कर जम्मू-कश्मीर को छठी सफलता दिलाई। विद्याधर पाटिल (11) सुनील कुमार का शिकार बने। 91वें ओवर में आकिब नबी ने एक छोर थामे रन बना रहे शतकवीर मयंक अग्रवाल को पगबाधा आउट कर पवेलियन भेज दिया। मयंक अग्रवाल ने 266 गेंदों में 21 चौकों की मदद से 160 रनों की पारी खेली। शिखर शेट्टी (शून्य) को नबी ने आउट किया। 94वें ओवर की तीसरी गेंद पर युद्धवीर सिंह चरक ने प्रसिद्ध कृष्णा (चार) को आउट कर 293 के स्कोर पर कर्नाटक की पहली पारी का अंत कर दिया। जम्मू-कश्मीर के लिए आकिब नबी ने पांच विकेट लिये। युद्धवीर सिंह चरक और सुनील कुमार को दो-दो विकेट मिले। साहिल लूथरा ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

Next Post

गांगुली ने आकिब नबी की जमकर तारीफ की

Fri Feb 27 , 2026
नयी दिल्ली, 27 फरवरी (वार्ता) भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने जम्मू-कश्मीर के रणजी ट्रॉफी कैंपेन और तेज गेंदबाज़ आकिब नबी की जमकर तारीफ़ की, और नेशनल सिलेक्शन के लिए इस युवा खिलाड़ी का साथ दिया। “जम्मू-कश्मीर ने दुनिया को दिखाया है कि कोशिश और इरादा क्या कर सकते […]

You May Like