
छिंदवाड़ा। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में अमरवाड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक कंटेनर और टाटा सफारी कार से 320.8 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 64 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान एक लोडेड पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, आठ मोबाइल फोन और 24,090 रुपये नकद भी जब्त किए गए। पुलिस ने दोनों वाहनों में सवार सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का एक प्रमुख आरोपित सद्दनलाल चौरसिया फरार है।
मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी, भागने लगे तस्कर
पुलिस के अनुसार अमरवाड़ा थाना प्रभारी राजेंद्र धुर्वे और टीम को सूचना मिली थी कि एक कंटेनर और काले रंग की टाटा सफारी में भारी मात्रा में गांजा भरकर अमरवाड़ा होते हुए नरसिंहपुर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर ग्राम तेंदनीमाल मेन हाईवे रोड पर नाकाबंदी की गई। दोनों वाहन आते दिखाई दिए तो पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। तस्करों ने वाहनों की गति बढ़ाकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर भुमकाघाटी के पास दोनों वाहनों को रोक लिया।
कंटेनर की तलाशी लेने पर केबिन के अंदर बने विशेष गुप्त बॉक्स में सात प्लास्टिक बोरियों में 252.48 किलो गांजा मिला। वहीं टाटा सफारी की डिक्की में छिपाकर रखे गए गुप्त बॉक्स से 68.32 किलो गांजा बरामद हुआ। कार के अंदर से एक लोडेड पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस भी मिले।
ओडिशा से यूपी तक पहुंचता था गांजा
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि गांजा ओडिशा से मंगवाकर रायपुर, नागपुर, मुलताई, छिंदवाड़ा और नरसिंहपुर होते हुए उत्तर प्रदेश के संतकबीर नगर ले जाया जा रहा था। वहां इसे सद्दनलाल चौरसिया को देना था। पुलिस के अनुसार बरामद पिस्टल भी इसी नेटवर्क से जुड़े आरोपित को उपलब्ध कराई गई थी। पुलिस अब फरार सद्दनलाल चौरसिया और पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
कार्रवाई में ये रहे शामिल
कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेंद्र धुर्वे सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों और कड़ीयापुरा थाना पुलिस की टीम की भूमिका रही। मामले में थाना अमरवाड़ा में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट तथा धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध क्रमांक 580/26 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
जब्ती का ब्यौरा
320.8 किलो गांजा — अनुमानित कीमत 64 लाख रुपये
01 कंटेनर — RJ 33 GA 2064
01 टाटा सफारी — UP 32 RP 5056
01 पिस्टल व 05 जिंदा कारतूस
08 मोबाइल फोन और 24,090 रुपये नकद
कुल 07 आरोपित गिरफ्तार, 01 आरोपित फरार
गिरफ्तार आरोपितों में संतोष गिरी (33), मोइनस/मोइनस पिता अब्दुल सतार (26), अक्षय यादव (27), कृष्ण कुमार (32), आदर्श सिंह (27), ऋषभ सिंह (21) और शुभम सिंह (23) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपितों से पूछताछ के आधार पर तस्करी के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है।
