भिण्ड: नीति आयोग के आकांक्षी विकासखण्ड कार्यक्रम के तहत केन्द्र सरकार की ओर से नियुक्त नोडल अधिकारी जे. विजय कुमार, डायरेक्टर (अंतरिक्ष विभाग) ने मालनपुर क्षेत्र में विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने आधुनिक सुविधाओं से लैस आंगनबाड़ी केन्द्रों से लेकर शासकीय स्कूलों और डिजिटल लर्निंग लैब तक का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों के पोषण, शिक्षा स्तर व उपस्थिति पर खास नजर रखी। इस दौरान एसडीएम गोहद राजन बी. नाडिया, महिला बाल विकास अधिकारी अंजू तोमर सहित अन्य विभाग अधिकारी भी साथ रहे।
नोडल अधिकारी जे. विजय कुमार ने सबसे पहले मालनपुर के सिंघवारी स्थित आदर्श एवं आधुनिक आंगनबाड़ी केन्द्र का दौरा किया। यहां बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की। संतुष्टि जताते हुए उन्होंने बच्चों को ड्रेस व चॉकलेट का वितरण भी किया।
बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरते हुए उन्होंने केन्द्र की स्वच्छता व व्यवस्थाओं की सराहना की। इसके बाद गोहद पहुंचे नोडल अधिकारी ने गुरीखा के आदर्श आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से विस्तृत चर्चा की। बच्चों की नियमित उपस्थिति व पोषण आहार की जानकारी ली। कार्यकर्ताओं ने बताया कि केन्द्र में बच्चों को संतुलित भोजन व खेलकूद की सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने पर जोर दिया।
