170 कारतूसों समेत दो गिरफ्तार, यूपी से लाए थे खेप

जबलपुर। क्राइम ब्रांच और गोसलपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने मोहतरा टोल प्लाजा पर घेराबंदी कर एक सफेद रंग की हुंडई कार से दो युवकों को दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल और 170 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं, जो वे उत्तर प्रदेश से तस्करी कर लाए थे।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि कटनी की ओर से आ रही कार क्रमांक एमपी 20 सीके 6302 में अवैध हथियारों की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। इस पर टीम ने टोल प्लाजा पर जाल बिछाया और संदिग्ध वाहन को रुकवाया।

कार में सवार दो युवकों की पहचान दरोगा उर्फ विशाल पाण्डे 25 वर्ष, निवासी महाराजपुर और आदर्श बेन 22 वर्ष, निवासी सुहागी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान विशाल पाण्डे की कमर से एक देशी पिस्टल और डैशबोर्ड से 160 (32 बोर) कारतूस मिले। आदर्श बेन के पास से 10 (315 बोर) के कारतूस बरामद हुए।

उत्तर प्रदेश से जुड़े तार

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे ये कारतूस उत्तर प्रदेश के अतर्रा (बांदा) से भोला मामा नामक व्यक्ति से 80,000 रुपये में खरीदकर लाए थे। इसमें विशाल ने 72,000 और आदर्श ने 8,000 रुपये का निवेश किया था। पुलिस अब इस गिरोह के मुख्य सप्लायर की तलाश में जुट गई है।

Next Post

कार में ऑनलाइन सट्टा खिलाते दो गिरफ्तार, सिंडिकेट का पर्दाफाश

Thu Feb 26 , 2026
जबलपुर। रांझी पुलिस ने टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो सटोरियों को रंगे हाथों पकड़ा गया जो कार के भीतर बैठकर श्रीलंका बनाम न्यूजीलैंड मैच पर दांव लगवा रहे थे। थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी […]

You May Like