मशहूर फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली के हार्ट अटैक की खबर निकली महज अफवाह, परिवार ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा- डायरेक्टर पूरी तरह फिट और स्वस्थ हैं

मुंबई | बॉलीवुड के दिग्गज निर्देशक संजय लीला भंसाली के स्वास्थ्य को लेकर सोशल मीडिया पर पिछले 24 घंटों से चल रही चिंताओं पर अब विराम लग गया है। दरअसल, इंटरनेट पर यह खबर तेजी से वायरल हुई थी कि भंसाली को उनके 63वें जन्मदिन पर हार्ट अटैक आया है और वे मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती हैं। इस खबर ने प्रशंसकों और सिनेमा जगत को सकते में डाल दिया था। हालांकि, भंसाली की टीम और परिवार ने तुरंत इस पर स्पष्टीकरण जारी करते हुए इन खबरों को पूरी तरह झूठा और निराधार करार दिया है।

अफवाहों को बढ़ता देख भंसाली प्रोडक्शंस के इंस्टाग्राम हैंडल से परिवार की ओर से एक स्टेटमेंट जारी किया गया। बयान में कहा गया, “संजय लीला भंसाली बिल्कुल ठीक हैं। वे केवल एक रूटीन मेडिकल चेक-अप के लिए अस्पताल गए थे, चिंता की कोई बात नहीं है।” परिवार ने उनके स्वास्थ्य के प्रति चिंता जताने वाले प्रशंसकों का आभार व्यक्त किया और लोगों से अनुरोध किया कि वे इस तरह की भ्रामक खबरों पर विश्वास न करें। टीम ने पुष्टि की है कि डायरेक्टर वर्तमान में अपने आगामी बड़े प्रोजेक्ट्स पर सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं।

संजय लीला भंसाली इन दिनों अपनी महात्वाकांक्षी फिल्म ‘लव एंड वॉर’ और हाल ही में घोषित ‘जय सोमनाथ’ को लेकर चर्चा में हैं। महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर उन्होंने केतन मेहता के निर्देशन में बनने वाली फिल्म ‘जय सोमनाथ’ का ऐलान किया है, जो 2027 में सिनेमाघरों में आएगी। भंसाली की टीम का कहना है कि वे शारीरिक और मानसिक रूप से पूरी तरह सक्रिय हैं और अपने काम में व्यस्त हैं। रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल अभिनीत उनकी फिल्म ‘लव एंड वॉर’ को लेकर भी दर्शकों के बीच काफी उत्साह बना हुआ है।

Next Post

भोजशाला विवाद: 2034 तक वाग्देवी मंदिर निर्माण का दावा, मूर्ति वापसी की मांग

Thu Feb 26 , 2026
धार: धार स्थित भोजशाला-कमाल मौला मस्जिद परिसर एक बार फिर राष्ट्रीय चर्चा के केंद्र में है। विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा है कि वर्ष 2034 तक कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से भोजशाला में वाग्देवी मंदिर का निर्माण कराया जाएगा। उनका दावा है कि प्रस्तावित मंदिर […]

You May Like