लेफ्ट टर्न में बाधक चिन्हित कर नियमानुसार हटाएं

इंदौर: शहर में सुगम यातायात एवं बेहतर स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयुक्त क्षितिज सिंघल द्वारा बुधवार को विभिन्न प्रमुख चौराहों का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर, कार्यपालन यंत्री पी.एस. कुशवाह एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे.निगमायुक्त ने नौलखा चौराहा, वर्ल्ड कप चौराहा, बिचौली मरदाना चौराहा, निरंजनपुर चौराहा, बापट चौराहा, विजयनगर चौराहा, न्याय नगर, लोखंडे ब्रिज के पास तथा सी-21 के पास स्थित चौराहे के लेफ्ट टर्न का स्थलीय निरीक्षण किया.

निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रत्येक चौराहे पर यातायात की वर्तमान स्थिति का अवलोकन करते हुए निर्देश दिए कि लेफ्ट टर्न चौड़ीकरण में बाधा उत्पन्न करने वाले अस्थायी एवं स्थायी निर्माणों को चिन्हित कर नियमानुसार हटाया जाए, ताकि पीक आवर्स में जाम की स्थिति निर्मित न हो. आयुक्त द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जहां आवश्यक हो वहां लेफ्ट टर्न को चौड़ा करने, अवैध अतिक्रमण हटाने, रोड मार्किंग स्पष्ट करने एवं संकेतक बोर्ड लगाने की कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित की जाए. साथ ही ट्रैफिक पुलिस के समन्वय से यातायात प्रवाह को सुचारु बनाए रखने हेतु समग्र कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए.

एजेंसी पर पेनल्टी लगाने के निर्देश
निरीक्षण के क्रम में आयुक्त श्री सिंघल ने निरंजनपुर चौराहा के समीप स्थित सार्वजनिक शौचालय का औचक निरीक्षण भी किया. निरीक्षण के दौरान शौचालय एवं मूत्रालय में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई. आयुक्त द्वारा मौके पर संधारित रजिस्टर का अवलोकन किया गया, जिसमें नागरिकों के फीडबैक एवं आगंतुकों की प्रविष्टियां व्यवस्थित रूप से दर्ज नहीं पाई गईं.
इस पर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित एजेंसी के विरुद्ध पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए.

लापरवीह स्वीकार्य नहीं
निगमायुक्त ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक सुविधाओं में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए. साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शौचालयों की दैनिक सफाई, फीडबैक रजिस्टर का संधारण एवं गुणवत्ता की सतत जांच की जाए.

Next Post

स्कूली बच्चों ने दीवारों पर दिया स्वच्छता का संदेश

Thu Feb 26 , 2026
इंदौर:नगर निगम इंदौर द्वारा शहर में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के अंतर्गत झोन क्रमांक 17, वार्ड क्रमांक 18 स्थित गोविंद नगर खारचा में आदर्श बैक लेन का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य पूर्ण किया गया. यह कार्य महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देशानुसार जनसहभागिता मॉडल पर किया […]

You May Like