
सिंगरौली। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज परिवहन पर लगातार सख्ती की जा रही है। इसी क्रम में खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में सहायक खनिज अधिकारी रामसुशील चौरसिया द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई। जांच के दौरान अभिवहन पास के बिना अवैध रूप से मुरूम का परिवहन करते हुए वाहन क्रमांक एमपी 66 जेडएच 8210 को पकड़ा गया।
खनिज अमले द्वारा वाहन को तत्काल जप्त कर सुरक्षार्थ पुलिस थाना कोतवाली बैढ़न परिसर में खड़ा कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि खनिज नियमों के तहत अग्रिम नियमानुसार संबंधित वाहन चालक एवं वाहन स्वामी के विरुद्ध विधिसंगत कार्रवाई की जा रही है। इसमें जुर्माना व अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत दंडात्मक कदम शामिल होंगे। प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लगातार निरीक्षण अभियान चलाकर ऐसे मामलों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने वाहन चालकों और खनिज कारोबार से जुड़े लोगों से अपील की है कि वे केवल वैध दस्तावेजों के साथ ही खनिज का परिवहन करें, अन्यथा नियमों के उल्लंघन पर सख्त दंड का सामना करना पड़ेगा।
