
रीवा। चार दिन बाद एक बार फिर झमाझम बारिश का दौर शुरू हुआ. गुरूवार की शाम से शुरू हुई बारिश दूसरे दिन भी रूक-रूक कर जारी रही. शुक्रवार की सुबह से लेकर देर रात तक बारिश होती रही. दिन भर सूर्यदेव के दर्शन नही हुए. दोपहर तेज बारिश आधे घंटे तक हुई और उसके बाद रिमझिम बारिश जारी रही. हालत यह थी कि सडक़ो पर सन्नाटा रहा और नालिया उफान पर थी.
बाणसागर डैम का जल स्तर भी तेजी से बढ़ रहा है, ऊपरी हिस्से में लगातार हो रही बारिश से डैम का जल स्तर 339 मीटर पहुंच गया है जिस तरह से बारिश हो रही है अगर इसी तरह बारिश होती रही तो जल्द ही डैम लबालब हो जायेगा. 341.64 मीटर जल भराव की क्षमता है. जैसे ही इसके पास जल स्तर पहुंचेगा तो डैम के गेट खोल दिये जायेगे. प्रदेश में कई डैम के गेट पिछले कई दिनो से खुले है लेकिन बाणसागर डैम का जल स्तर अभी नीचे होने के कारण गेट नही खोले गये है. अधिकारियों की माने तो पानी की आवक बहुत तेज है, उम्मीद है कि जल्द ही डैम भर जायेगा. गुरूवार को 338.88 मीटर जल स्तर पहुंच गया था. जबकि शुक्रवार को जल स्तर 339 पहुंच गया है.
शहर के कई मोहल्लो में घुसा पानी
सुबह से हो रही रिमझिम बारिश के चलते सडक़ो में पानी भर गया और नालिया उफान पर थी. नेहरू नगर, घोघर सहित कई मोहल्लो में पानी लोगो के घरो में घुस गया. नेहरू नगर मोड़ के पास घुठने तक पानी भरा रहा. निरंजन मेडिकल के सामने नालिया जाम होने के कारण दुकानो के अंदर पानी घुस गया. इसी तरह घोघर मोहल्ले में भी लोगो के घरो में पानी घुस गया, नालियो की सफाई न होने के वजह से घुठने तक पानी सडक़ो पर रहा. दरअसल पानी निकासी की व्यवस्था न होने के कारण यह स्थित बनी. अगर दो दिन तक लगातार बारिश होती रही तो जल भराव की स्थित और खराब होगी.
