
जबलपुर। कोतवाली क्षेत्र में कचरा खाली करने गए एक सफाई कर्मचारी के साथ पुलिस जवान और उसके बेटे पर मारपीट किए जाने का आरोप है। सफाई कर्मचारियों ने थाने का घेराव कर दिया है और मारपीट करने वाले पिता पुत्र पर कार्रवाई की मांग पर अड़ गए।
पीड़ित संतोष नाहर निवासी चंडालभाटा ने बताया कि वह अपनी नियमित ड्यूटी के दौरान दरहाई के पास कचरा खाली करने गया था। वहां मौजूद पुलिस जवान शैलेंद्र सोनी और उनके पुत्र ने कचरा डालने का विरोध किया। संतोष का दावा है कि विरोध के बाद उसने कचरा वापस गाड़ी में भर लिया था, लेकिन इसके बावजूद पिता-पुत्र ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।
बदसलूकी, घसीट कर थाने ले गए-
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी उसे घसीटते हुए थाने ले गए। वहां सुपरवाइजर की मौजूदगी में भी उसके साथ मारपीट की गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी थाने पहुंच गए और पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। फिलहाल मौके पर तनाव की स्थिति बनी हुई है और आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।
