भोपाल: मध्यप्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक बदलावों की दिशा में सरकार के प्रयासों को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि नीति से नवाचार और कौशल से करियर तक प्रदेश शिक्षित, सक्षम और आत्मनिर्भर भविष्य की ओर मजबूती से अग्रसर है। उन्होंने बताया कि नई शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन से मध्यप्रदेश शिक्षा सुधारों में अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। सांदीपनि विद्यालयों के विस्तार, छात्रवृत्ति वितरण और अन्य शैक्षणिक योजनाओं के लिए बजट 2026-27 में महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, मध्य क्षेत्र के सह बौद्धिक शिक्षण प्रमुख एवं भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के पूर्व संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा की माताजी श्रीमती जनक दुलारी शर्मा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मां जीवन की आधारशिला होती हैं और उनका जाना अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री ने महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोक संतप्त परिवार को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
