विभिन्न समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

इंदौर:नगर निगम के चार वार्डो की विभिन्न समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने झोन 13 कार्यालय पर प्रदर्शन किया. इसके तहत राऊ विधानसभा के वार्डो में नर्मदा दूषित पानी, स्ट्रीट लाइट, ड्रेनेज और खुदी सड़कें की समस्याओं से रहवासी परेशान हैं. प्रदर्शन में खास बात यह थी कि रहवासियों ने कहा कि झोन पर कई बार शिकायत करने पर भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है.राऊ विधानसभा के तहत नगर निगम के वार्ड 74, 75, 77 और 78 में व्याप्त समस्याओं को लेकर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे और पार्षद कुणाल सोलंकी ने क्षेत्रीय रहवासियों के साथ बिलावली झोन कार्यालय पर प्रदर्शन किया.

प्रदर्शन में भावना नगर, राहुल गांधी नगर, सोनिया गांधी नगर सहित विभिन्न कॉलोनियों में गंदे पानी की सप्लाई मुख्य समस्या है. रहवासियों ने कहा कि हमारे क्षेत्र को भी नगर निगम भागीरथपुरा बनाने पर तुला हुआ है. चार-चार बार शिकायत करने के बाद भी दूषित और ड्रेनेज मिक्स पानी की समस्या ठीक नहीं की जा रही है. बड़ी संख्या में मौजूद रहवासियों ने बताया एक-एक साल से ड्रेनेज के लिए खोद रखा है और लाइन का काम पूरा नहीं हो रहा है. सड़कें खुदी हुई है और स्ट्रीट लाइट बंद है. वाहन चलाना मुश्किल हो गया है. उबड़-खाबड़ सड़कों और गड्ढों की कई बार शिकायत की लेकिन आज तक समस्या जस की तस बनी हुई है. प्रदर्शन में राऊ विधानसभा प्रभारी दिनेश मल्हार, रवि डांगी, अजय कुमार झा, दिलीप सुरागे, महेंद्र पटवारी, अमित नागर, सुरेश सोलंकी सहित बड़ी संख्या में वार्डो के रहवासी मौजूद थे.
तीन दिन में निराकरण नहीं तो धरना देंगे
शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि क्षेत्रीय विधायक का रिश्तेदार इंजीनियर है और काम नहीं करना चाहते हैं निगम अधिकारी. महापौर ने शहर का नाश कर दिया है. यदि समस्याओं का तीन दिन में निराकरण नहीं किया, तो झोन के बाहर धरना दिया जाएगा.
निगमायुक्त का घेराव करेंगे
पार्षद कुणाल सोलंकी ने कहा कि तीन साल से काम को लेकर कई बार अधिकारियों को बताया, लेकिन सुनवाई नहीं कर रहे है. परेशान होकर रहवासियों के साथ प्रदर्शन किया. अब सुनवाई नहीं हुई तो फिर नगर निगम मुख्यालय पर आयुक्त का घेराव करेंगे.

Next Post

कैंट बोर्ड ऑफिस के बाहर गाय का शव रखकर प्रदर्शन

Tue Feb 24 , 2026
महू: महू कैंटोनमेंट बोर्ड कार्यालय के बाहर सोमवार को गौरक्षक एवं बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने मृत गौ माता के शव को रखकर धरना-प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने बोर्ड प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की. बाद में अधिकारियों की समझाइश के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ. इसके बाद कैंट […]

You May Like