​मिशन 2026: सारनी में संगठन को मजबूत करने के लिए कांग्रेस ने कसी कमर, शुरू हुआ जनसंपर्क

सारनी। सारनी में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और नाराज कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने की कवायद तेज हो गई है। नवनियुक्त सारनी मंडल अध्यक्ष अब संगठन को एकजुट करने के मिशन में सक्रिय रूप से जुट गए हैं। रविवार को ब्लॉक अध्यक्ष बटेश्वर भारती और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर कई पदाधिकारियों के दुकान एवं आवास पर पहुंचकर उनकी नाराजगी के कारणों को समझने का प्रयास किया।इस दौरान ब्लाक अध्यक्ष ने नाराज कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों से अवगत कराते हुए संगठनात्मक एकता की आवश्यकता पर जोर दिया।उन्होंने स्पष्ट कहा कि वर्तमान समय कांग्रेस के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और ऐसे दौर में आपसी मनमुटाव, क्षेत्रवाद,भाषा या जाति के आधार पर विभाजन पार्टी को कमजोर कर सकता है।

उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि कार्यकर्ता और पदाधिकारी अब भी आपसी मतभेदों में उलझे रहे तो कांग्रेस के पतन को रोक पाना मुश्किल हो जाएगा। इसलिए सभी को व्यक्तिगत मतभेद भुलाकर एक बैनर के नीचे संगठित होकर काम करना होगा।ब्लॉक अध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और बैतूल जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा के मार्गदर्शन तथा कांग्रेस संविधान के अनुसार संगठन कार्य कर रहा है। इसके बावजूद यदि कोई पदाधिकारी या कार्यकर्ता पार्टी लाइन के विपरीत गतिविधियों में शामिल पाया जाता है या मनमुटाव बनाए रखता है,तो उसे संगठन को नुकसान पहुंचाने वाला माना जाएगा। हालांकि उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे व्यक्तिगत रूप से हर नाराज कार्यकर्ता और पदाधिकारी से संवाद कर उन्हें मनाने का प्रयास करेंगे। हालांकि, समझाइश के बाद भी यदि कोई पार्टी हित में कार्य नहीं करता है,तो इसकी जानकारी जिला और प्रदेश नेतृत्व तक भेजी जाएगी।सारनी ब्लॉक अध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि जल्द ही सारनी ब्लॉक के सभी कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी एकजुट होकर संगठन को मजबूती देने के लिए साथ खड़े दिखाई देंगे।

 

 

Next Post

चना एवं मसूर का पंजीयन 16 मार्च तक, जिले के सभी 84 गेहूं पंजीयन केन्द्रों पर ही होगा पंजीयन

Tue Feb 24 , 2026
राजगढ़/ब्यावरा। समर्थन मूल्य पर चना एवं मसूर फसल के उपार्जन हेतु किसान पंजीयन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है. कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशन में रबी वर्ष 2025-26 (विपणन वर्ष 2026-27) की नीति के अनुसार समर्थन मूल्य पर चना एवं मसूर फसल के उपार्जन हेतु किसान पंजीयन […]

You May Like

मनोरंजन