ट्रंप ने ‘बोर्ड ऑफ पीस’ के लिए 10 अरब अमेरिकी डॉलर देने का किया वादा, चीन और रूस को इसमें शामिल होने के लिए आमंत्रित किया

वाशिंगटन, 20 फरवरी (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गाजा के पुननिर्माण के लिए गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय निकाय ‘बोर्ड ऑफ पीस’ का उद्घाटन किया और उम्मीद जतायी कि चीन और रूस भी इसमें शामिल होंगे।

श्री ट्रंप ने यहां उद्घाटन संबोधन में कहा, “ कई देश बोर्ड में शामिल होने की प्रक्रिया में हैं। मैं चाहूंगा कि चीन और रूस भी इसमें शामिल हों, उन्हें आमंत्रित भी किया गया है। इस मौके पर करीब 50 देशों के प्रतिनिधि मौजूद थे। इनमें से 27 देश औपचारिक रूप से बोर्ड के सदस्य हैं, जबकि यूरोपीय संघ तथा अन्य देश पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित थे।

श्री ट्रंप ने घोषणा की कि बोर्ड के नौ सदस्यों ने गाजा राहत के लिए कुल सात अरब अमेरिकी डॉलर देने का वादा किया है, जबकि अमेरिका 10 अरब अमेरिकी डॉलर का योगदान देगा। उन्होंने कहा, “ युद्ध की लागत की तुलना में यह राशि बहुत कम है।” उन्होंने अमेरिका के 10 अरब डॉलर देने के वायदे पर कहा कि यह काफी छोटी रकम है। लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि 10 अरब डॉलर कहां से आएंगे और कैसे खर्च किए जाएंगे।

श्री ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र की उसकी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन न करने के लिए आलोचना की। संयुक्त राष्ट्र में सबसे बड़ा योगदान देने वाले देश अमेरिका को करीब चार अरब डॉलर इसे देने हैं। संयुक्त राष्ट्र के एक प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिका ने पिछले सप्ताह लगभग 16 करोड़ डॉलर दिये हैं। राजदूत माइक वाल्ट्ज़ ने संकेत दिया कि जल्द ही और किस्त का भुगतान किया जाएगा।

अमेरिका के राष्ट्रपति ने बैठक में एक स्थिरीकरण बल की योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की, जिसके अनुसार मोरक्को, अल्बानिया, कोसोवो और कजाकिस्तान सैनिकों की तैनाती करेंगे और मिस्र और जॉर्डन एक ‘विश्वसनीय फिलिस्तीनी पुलिस बल’ के लिए प्रशिक्षण और समर्थन प्रदान करेंगे। गाजा प्रशासन के लिए राष्ट्रीय समिति के अध्यक्ष अली शाथ ने कहा कि बोर्ड की योजना ‘एक प्राधिकरण के तहत पेशेवर नागरिक पुलिस के माध्यम से सुरक्षा बहाल करने की है… जिसमें 60 दिनों में तैनात किये जाने वाले 5,000 गाजा पुलिसकर्मियों का प्रशिक्षण और विकास करना शामिल है’, हालांकि समिति ने अभी तक गाजा में प्रवेश नहीं किया है और वर्तमान में काहिरा से काम कर रही है।

फ़िलिस्तीनी तकनीकी समिति के संपर्क अधिकारी, उच्च प्रतिनिधि निकोले म्लादेनोव ने इस बात पर ज़ोर दिया कि गाज़ा के पूर्ण विसैन्यीकरण के बिना पुनर्निर्माण शुरू नहीं हो सकता। इज़रायल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने हमास के हथियारों और बुनियादी संरचना को नष्ट करने की आवश्यकता पर बल दिया, जबकि हमास ने निरस्त्रीकरण के लिए प्रतिबद्धता नहीं जतायी और इसके बजाय इज़राइल से पुनर्निर्माण की अनुमति देने के लिए सभी सीमा मार्गों को पूरी तरह से खोलने का आह्वान किया।

श्री ट्रंप ने व्यापक महत्वाकांक्षाओं का संकेत देते हुए कहा, “ हम शायद इसे एक कदम और आगे ले जाएंगे, जहां भी हमें दुनिया भर में तनावग्रस्त क्षेत्र दिखाई देते हैं, हम वहां बहुत आसानी से काम कर सकते हैं।” संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव ने बोर्ड ऑफ पीस को गाजा में काम करने के लिये अधिकृत किया था, लेकिन समूह के संस्थापक चार्टर में दुनिया के किसी भी संभावित संघर्ष से निपटने का दायित्व निहित है।

सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, बोर्ड की कार्यकारी समिति के सदस्य और अपोलो ग्लोबल मैनेजमेंट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मार्क रोवन ने गाजा की आर्थिक क्षमता पर प्रकाश डालते हुए कम से कम 50 अरब डॉलर के तटीय क्षेत्र और नष्ट हो चुके इस क्षेत्र के कुल 115 अरब डॉलर के मूल्य का हवाला दिया, जिसे ‘केवल विकसित और वित्तपोषित करने की आवश्यकता है।’

सीएनएन की रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि फीफा ने खेल परियोजनाओं के लिए 7.5 करोड़ डॉलर से अधिक की राशि देने का वादा किया, जबकि कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात ने अतिरिक्त धनराशि देने की प्रतिबद्धता जतायी। मोरक्को के विदेश मंत्री ने एक ‘सैन्य फील्ड अस्पताल’ और एक कट्टरपंथ-विरोधी कार्यक्रम की पेशकश की और अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई ने अर्जेंटीना के व्हाइट हेलमेट्स मानवीय कोर के माध्यम से समर्थन देने का वादा किया।

पूर्व अमेरिकी मध्य-पूर्व वार्ताकार आरोन डेविड मिलर ने इस योजना की आलोचना करते हुए इसे ‘वास्तविकता से परे’ बताया, क्योंकि विसैन्यीकरण अभी संभव नहीं है। अमेरिकी अधिकारियों ने स्वीकार किया कि यह प्रक्रिया लंबी चलेगी और हमास के साथ बातचीत पर निर्भर करेगी, जिसकी कोई निश्चित समयसीमा नहीं है।

ब्रसेल्स में यूरोपीय संघ के एक वरिष्ठ राजनयिक ने कहा, “ यह स्पष्ट है कि बोर्ड ऑफ पीस के साथ कुछ मुद्दे हैं। लेकिन गाजा के भविष्य को आकार देने के लिए किसी अन्य तंत्र या अंतरराष्ट्रीय संगठन के अभाव में, हमारे पास कोई दूसरा विकल्प नहीं है। ”

 

 

Next Post

अभिषेक के लगातार शून्य से भारत चिंतित नहीं : मोर्कल

Fri Feb 20 , 2026
अहमदाबाद, 20 फरवरी (वार्ता) भारत अभिषेक शर्मा, जो दुनिया के नंबर 1 टी20 बैटर हैं, के लगातार खराब फॉर्म से बेफिक्र है, जो वर्ल्ड कप में रन नहीं बना पाए हैं। बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्कल ने ओपनर से कम होते प्रदर्शन के बारे में कहा, “हमारे टीम ग्रुप में इस […]

You May Like