राहुल गांधी तीन जून को “संगठन सृजन अभियान” की शुरूआत करेंगे भोपाल में

भोपाल, 29 मई (वार्ता) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी तीन जून को यहां मध्यप्रदेश कांग्रेस के “संगठन सृजन अभियान” की शुरूआत करेंगे। इस अवसर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे।

प्रदेश कांग्रेस के संगठन महामंत्री डॉ. संजय कामले ने आज यहां बताया कि “संगठन सृजन अभियान” प्रदेश में कांग्रेस संगठन को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा, जिसका उद्देश्य पार्टी की जमीनी स्तर पर मजबूती और कार्यकर्ताओं में नए जोश का संचार करना है। यह अभियान कांग्रेस पार्टी के दीर्घकालिक लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में एक रणनीतिक पहल है। यह अभियान न केवल संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ करेगा, बल्कि कांग्रेस के सभी स्तरों पर कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय और संवाद स्थापित करेगा।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के माध्यम से पार्टी आगामी चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार होगी और मध्यप्रदेश में जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करेगी। अभियान की शुरूआत के अवसर पर तीन जून को भोपाल में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान राजनैतिक मामलों की समिति की बैठक प्रदेश कांग्रेस कार्यालय परिसर में होगी। इस बैठक में प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं द्वारा राज्य की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की जाएगी और आगामी रणनीतियों पर विचार-विमर्श होगा।

इसके बाद तीन जून को ही सांसदों एवं विधायकों के साथ संवाद प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में होगा। इस सत्र में सांसदों और विधायकों से उनके क्षेत्रों की समस्याओं और जनता की अपेक्षाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसी के साथ कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षकों एवं नव सृजित प्रदेश कांग्रेस द्वारा नियुक्त प्रभारियों की बैठक भी प्रदेश कांग्रेस कार्यालय परिसर में होगी। यह बैठक संगठन के पुनर्गठन और प्रभावी नेतृत्व नियुक्ति पर केंद्रित होगी।

दोपहर में कांग्रेस कमेटी प्रतिनिधि, प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि, जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं ब्लॉक अध्यक्षों का अभिवेशन रवींद्र भवन परिसर के सभागार में होगा। इस अधिवेशन में “संगठन सृजन अभियान” की रूपरेखा और कार्ययोजना को विस्तार से साझा किया जाएगा।

डॉ. कामले ने बताया कि इस अभियान के तहत जमीनी स्तर पर संगठन की मजबूती के लिए कार्य किया जाएगा। युवा और अनुभवी नेताओं को एक मंच पर लाकर नेतृत्व क्षमता का विकास किया जाएगा। पार्टी के विभिन्न स्तरों पर संवाद को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि सभी इकाइयां एकजुट होकर कार्य कर सकें।

Next Post

MP को 3 नई रेलगाड़ियाँ और 4 बड़े रेलवे प्रोजेक्ट

Thu May 29 , 2025
भोपाल।रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेल संपर्क को और मजबूती देने के लिए मप्र को तीन नई रेलगाड़ियों की सौगात दी है. गुरूवार को रेल मंत्री ने इस संबंध में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जानकारी साझा की.इन तीनों नई रेलगाड़ियों के शुरू होने से मध्य प्रदेश के यात्रियों को […]

You May Like