जबलपुर: संजीवनीनगर अंतर्गत 90 क्वाटर क्षेत्र में बीती रात शराब के लिए पैसे न देने पर एक बदमाश ने नाबालिग पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घायल किशोर को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 17 वर्षीय सौर्य बुर्रक अपने दोस्त अक्षय राजपूत और सोनू बर्मन के साथ 90 क्वाटर स्थित भाउ किराना दुकान के पास चौराहे पर खड़ा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला अंशु उर्फ अनिल ठाकुर वहां पहुंचा और सौर्य से शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगा।
जब सौर्य ने पैसे देने से साफ इंकार कर दिया तो आरोपी अंशु गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने अचानक चाकू निकाला और सौर्य पर हमला कर दिया। हमले में सौर्य की बाईं तरफ पीठ, पसली और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। सूचना मिलते ही संजीवनीनगर पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंची और घायल के बयानों के आधार पर आरोपी अंशु उर्फ अनिल ठाकुर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
