तारिक रहमान बने बंगलादेश के नये प्रधानमंत्री, 49 मंत्रियों ने भी ली शपथ

तारिक रहमान बने बंगलादेश के नये प्रधानमंत्री, 49 मंत्रियों ने भी ली शपथ

ढाका, 17 फरवरी (वार्ता) बंगलादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के प्रमुख तारिक रहमान ने मंगलवार को यहां प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ 49 अन्य सांसदों को मंत्री बनाया गया है। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने श्री रहमान और अन्य मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी। श्री रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में भारत की ओर से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भाग लिया। उनके साथ विदेश सचिव विक्रम मिस्री भी थे। देश में 36 सालों के बाद कोई पुरुष देश का प्रधानमंत्री बना है।

मंत्रिमंडल में 25 कैबिनेट मंत्री तथा 24 राज्य मंत्री शामिल किए गए हैं। कैबिनेट मंत्रियों में मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर, अमीर खुसरू महमूद चौधरी, सलाहुद्दीन अहमद, इकबाल हसन महमूद, मेजर (सेवानिवृत्त) हाफिज उद्दीन अहमद, अबू जफर मोहम्मद जाहिद हुसैन, डॉ. खलीलुर रहमान, अफरोजा खानम रीता और निताई रॉय चौधरी शामिल हैं। राज्य मंत्री के रूप में शपथ लेने वालों में एम राशिदुज्जमां मिल्लत, अनिंद्य इस्लाम अमित, मोहम्मद शरीफुल आलम, शमा ओबैद इस्लाम, सुल्तान सलाहुद्दीन टुकू, बैरिस्टर कैसर कमाल और फरजाना शरमीन शामिल हैं। इससे पहले ढाका के एयरबेस पर बंगलादेश विदेश मंत्रालय के सचिव डॉ. मोहम्मद नजरुल इस्लाम, बंगलादेश में भारतीय उच्चायुक्त प्रणय वर्मा और भारत में बंगलादेश के उच्चायुक्त मोहम्मद रियाज हमीदुल्ला ने भारतीय प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया।

उल्लेखनीय है कि जुलाई 2025 में प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ विद्रोह के कारण सरकार के गिरने के बाद मोहम्मद यूनुस अंतरिम सरकार के सलाहकार के तौर पर देश की बागडोर संभाल रहे थे। श्री रहमान गत दिसम्बर में 17 साल के निर्वासन के बाद स्वदेश लौटे थे। उनकी मां खालिदा जिया कई वर्षों तक देश की प्रधानमंत्री रहीं थीं। उनका 30 दिसम्बर 2025 को निधन हो गया था। श्री यूनुस की देखरेख में करीब आठ महीने चले शासन के बाद 12 फरवरी को आम चुनाव हुए, जिसमें बीएनपी ने 299 में से 209 सीटें जीतकर कर इतिहास रच दिया।

Next Post

हंगरी, अमेरिका ने परमाणु सहयोग समझौते पर किये हस्ताक्षर

Tue Feb 17 , 2026
बुडापेस्ट, 16 फरवरी (वार्ता/शिन्हुआ) हंगरी और अमेरिका ने नागरिक परमाणु ऊर्जा सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर कर लिये हैं। यह समझौता सोमवार को अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो की बुडापेस्ट यात्रा के दौरान संपन्न हुआ। हंगरी के प्रधानमंत्री विक्टर ऑर्बान ने कहा कि यह समझौता तथा अमेरिकी प्रशासन द्वारा प्रतिबंधों […]

You May Like