नयी दिल्ली, 17 फरवरी (वार्ता) अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र (आईएफएससी) गिफ्ट सिटी में मार्च के शुरुआती सप्ताह में पहला आईपीओ आने की उम्मीद है।
शीर्ष अधिकारियों के लिए कॉरपोरेट पाठ्यक्रमों की पेशकश करने वाली कंपनी एक्सईडी ने बताया है कि उसने सभी नियामकीय अर्हताएं पूरी करने के बाद प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए दस्तावेज (रेड हेरिंग प्रोस्पेक्टस) जमा कराये हैं। यह गिफ्ट सिटी का पहला आईपीओ होगा। इसमे मार्च के पहले सप्ताह में आने की संभावना है।
गिफ्ट सिटी देश के भीतर ही एक विदेशी एक्सचेंज की तरह काम करता है। वहां लेनदेन डॉलर में होता है और वहां आईपीओ लाने का मुख्य उद्देश्य विदेशी निवेशकों को लुभाना है। एक्सईडी ने आईपीओ से 1.2 करोड़ डॉलर की पूंजी जुटाने का लक्ष्य रखा है। एक्सईडी को आईपीओ के लिए शेयर बाजारों से मंजूरी मिल चुकी है। इसके बाद उसने कंपनी रजिस्ट्रार के पास आईपीओ से संबंधित दस्तावेज भी जमा करा दिये हैं।
आईपीओ के लिए दुनिया भर के प्रवासी भारतीय, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक और संस्थागत निवेशक बोली लगा सकेंगे। कंपनी के शेयर एनएसई में इंटरनेशनल एक्सचेंज और गिफ्ट सिटी में इंडिया इंटरनेशनल एक्सचेंज में सूचीबद्ध होंगे। बड़े निवेशकों को आईपीओ में निवेश का मौका पहले मिलेगा। इस प्रक्रिया के फरवरी के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है।

