भिंड: नेशनल हाईवे बायपास पर सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने इंदिरा गांधी चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। वे आर्थिक सहायता और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। जाम के चलते यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हादसा नेशनल हाईवे बायपास पर हाथी गड्ढा क्षेत्र के पास हुआ। विनोद नगर कॉलोनी निवासी आकाश सिंह भदौरिया (30) पल्सर बाइक से बाजार की ओर जा रहा था।
इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार दूध के टैंकर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आकाश सड़क पर गिर पड़ा और टैंकर उसे रौंदते हुए निकल गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि आकाश श्रृंगी रामपुर से कांवड़ लेकर भिंड लौटा था। कांवड़ चढ़ाने के बाद वह अपनी मौसी के घर प्रसाद देने जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया है।
